Bihar Govt. Formation: NDA की नीतीश सरकार के चार मंत्री डॉक्टरेट, मंत्रिमंडल में आठवीं पास भी शामिल
Bihar Govt. Formation एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) और इलेक्शन वॉच ने बिहार की नवगठित नीतीश सरकार के मंत्रियों की शिक्षा की जानकारी दी है। उसके अनुसार चार मंत्री डॉक्टरेट हैं तो तीन स्नातकोत्तर और एक इंजीनियर हैं। आइए डालते हैं नजर।
पटना, जेएनएन। राज्य सरकार के नए मंत्रिमंडल में डॉक्टरेट से लेकर आठवीं पास तक के माननीय शामिल हैं। मंत्रियों की योग्यता की जानकारी शपथ पत्रों का विश्लेषण के बाद एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) और इलेक्शन वॉच ने दी है। गठबंधन सरकार के मुखिया नीतीश कुमार ने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (अब एनआइटी) पटना से 1973 में बीएससी इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी ने 1980 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से पीएचडी की है। भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और जीतन राम मांझी के पुत्र लघु जल संसाधन मंत्री संतोष सुमन ने भी पीएचडी डिग्री हासिल की है। डाक्टरेट की डिग्री हासिल करने वालों में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत पासवान का नाम भी हैं।
ग्रामीण कार्य व ग्रामीण विकास मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रम संसाधन व पर्यटन मंत्री जीवेश कुमार और परिवहन मंत्री शीला कुमारी की शैक्षणिक योग्यता स्नातकोत्तर हैं। स्वास्थ्य व पथ निर्माण मंत्री मंगल पांडेय ने राजनीति शास्त्र से स्नातक प्रतिष्ठा तक की पढ़ाई की है, तो कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने विज्ञान से स्नातक किया है।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी की योग्यता 12वीं पास है। ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने भी 12वीं तक की शिक्षा ग्रहण की है। पशु व मत्स्य मंत्री मुकेश सहनी सबसे कम पढ़े मंत्री हैं। उनकी योग्यता आठवीं पास है।
मेवालाल चौधरी सबसे शिक्षित ही नहीं, सबसे धनी भी हैं। इनके पास 12 करोड़ 31 लाख 32 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति है। धनवान मंत्रियों में दूसरे नंबर पर मुकेश सहनी हैं। इनके पास 12 करोड़ 11 लाख 56 हजार 446 रुपये की संपत्ति हे। तीसरे नंबर पर रहने वाली परिवहन मंत्री शीला कुमारी के पास छह करोड़ नौ लाख आठ हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति है। मंत्रिमंडल के 13 मंत्री करोड़पति हैं। मंत्रियों की औसत संपत्ति 3.93 करोड़ रुपये है। शपथ पत्र में छह मंत्रियों ने खुद पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। दो अन्य पर भी प्राथमिकी दर्ज है।