नाबालिग से चार युवकों ने किया गैंगरेप, वो चीखती रही और वो वीडियो बनाते रहे
नवादा जिले में चार युवकों ने एक नाबालिग लड़की के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। लड़की जब बेहोश हो गई तो उसे छोड़कर फरार हो गए।
नवादा [जेएनएन]। बिहार के नवादा जिले के सीतामढ़ी ओपी क्षेत्र की लखौरा पहाड़ी पर मंगलवार की देर शाम एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़ता के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपित सहित दो अपराधी फरार हैं।
पीडि़ता ने बताया कि धनगावां का गुड्डू कुमार मंगलवार को उसे अपने साथ हिसुआ बाजार लेते गया। वहां उसने एक दुकान से चप्पल खरीद कर दी। घर लौटने के क्रम में गुड्डू उसे लखौरा पहाड़ी ले गया। वहां पहले से चार युवक मौजूद थे।
पीडि़ता ने बताया कि गुड्डू ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान अन्य लड़कों ने मोबाइल से घटना का वीडियो बना लिया। दुष्कर्म के दौरान वह बेहोश हो गई। इसके बाद अन्य लड़कों ने उसके साथ क्या किया, ये पता नहीं है।
इस बीच पुलिस को घटना की भनक लग गई और उसने छापेमारी कर धनगावां के बंटी कुमार, सिरदला थाना क्षेत्र के लौंद केंदुआ के दीपक कुमार और अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्य आरोपित गुड्डू व उसका एक अन्य साथी भागने में सफल हो गया।
पुलिस ने खून से लथपथ युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
वायरल हुआ वीडियो
दुष्कर्म का वीडियो बनाने के बाद आरोपितों ने उसे वायरल भी कर दिया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वीडियो अधिसंख्य लोगों तक नहीं पहुंच सका।