पटना में दिन दहाड़े घर के बाहर पूर्व मुखिया के पति की सीने में गोली मारकर हत्या, जमकर हंगामा Patna News
बिहटा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह बाइक सवार अपराधियों ने पूर्व मुखिया के पति की गोली मारकर हत्या कर दी।
रवि शंकर, पटना। राजधानी में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। बिहटा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह बाइक सवार अपराधियों ने पूर्व मुखिया संगीता देवी के पति संजय राम की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर आगजनी कर यातायात को बाधित कर हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी पर पहुंची बिहटा पुलिस को भी नाराज लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। घटना को अंजाम देकर फरार होने के क्रम में अपराधी का देसी कट्टा वारदात स्थल पर ही गिर गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
सुबह आठ बजे दिया वारदात को अंजाम
मृतक संजय सिंह बिहटा के कृष्णा नगर इलाके में रहते थे। संजय की पत्नी सुनीता देवी पूर्व मुखिया थीं। संजय बुधवार की सुबह करीब आठ बजे अपने पड़ोसी भोजपुर निवासी रवि रंजन यादव के घर के बाहर अखबार पढ़ रहे थे। इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर दो की संख्या में अपराधी पहुंचे और संजय के सीने से सटाकर गोली मार दी।
किसी से जमीन को लेकर था विवाद
वारदात को अंजाम देेने के बाद भागने के दौरान बदमाशों की पिस्टल घटना स्थल पर ही गिर गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संजय का किसी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसको लेकर हत्या करने की बात सामने आ रही है। सूचना पर पहुंची बिहटा पुलिस ने बदमाशों का छूटा हुआ हथियार कब्जे में ले लिया है। साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगाल कर अपराधियों की पहचान की जा रही है।