जीतनराम मांझी ने कहा-हम बोलते नहीं, करके दिखाते हैं; बिहार के CM नीतीश कुमार को फिर दी बधाई
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतनराम मांझी और विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी पर तो राजनीतिक पंडितों की नजर बनी हुई है। शनिवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी को बधाई दी है।
जागरण टीम, पटना। बिहार की राजनीति हमेशा बयानों को लेकर चर्चा में रही है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी और विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी पर तो राजनीतिक पंडितों की नजर बनी हुई है। इस बीच शनिवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी को बधाई दी है। हाल के दिनों की बात करें तो मांझी कई बार नीतीश कुमार को धन्यवाद दे चुके हैं। फिलहाल आज का मामला बिहार में सवा लाख शिक्षकों की नियुक्ति का है।
देर हुई पर अंत भला तो सब भला
दरअसल, पटना हाईकोर्ट ने बिहार में सवा लाख शिक्षकों की नियुक्ति को हरी झंडी दिखा दी है। इसके साथ ही टीचरों की नौकरी का रास्ता साफ हो गया है। इससे जीतनराम मांझी भी खुश हैं। इस संबंध में शनिवार को ट्वीट करते हुए मांझी ने लिखा कि #हम बोलते नहीं करके दिखाते हैं। शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर कोर्ट में मामला जाने के कारण देर हुई, पर अंत भला तो सब भला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी को धन्यवाद।
नीतीश कुमार को कई बार दे चुके हैं धन्यवाद
बता दें कि इसके पहले मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों में लड़कियों को 33% आरक्षण देने के लिए मांझी नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार नारी सशक्तीकरण को ध्यान में रखते हुए हमारी मांग है कि सामान्य शिक्षा एवं व्यावसायिक शिक्षा में अध्ययनरत छात्राओं को मुफ्त पढ़ाई की व्यवस्था की जाय। वहीं समय पर पंचायत चुनाव नहीं होने के कारण पंचायतों में परामर्श समिति का गठन करने पर भी मांझी ने सीएम नीतीश को धन्यवाद दिया था। उन्होंने कहा था कि परामर्श समितियों में वर्तमान पंचायत सदस्यों के साथ-साथ विधायक प्रतिनिधि भी शामिल होंगे जिससे गांवों का विकास बाधित नहीं होगा।