ईश्वरी आशीष के लिए ईसाई समाज के लोगों ने पटना में निकाली धन्यवादी यात्रा Patna News
ईसाई समाज के लोगों ने ईश्वरी आशीष के लिए पटना में धन्यवादी यात्रा का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकत्र हुए।
पटना, जेएनएन। पटना में ईसाई समाज के लोगों ने ईसा मसीह के प्रति अपनी भक्ति और विश्वास दिखाते हुए यूखरीस्तीय यात्रा का आयोजन किया। यात्रा होली क्रॉस कान्वेंट परिसर से होते हुए ईश मंदिर कुर्जी पल्ली आकर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में ईसाई सामाज के लोग इकत्र हुए। यात्रा का शीर्षक 'राज राजेश्वर के आदर में ईसाई समुदाय द्वारा ईश्वरीय आशीष के लिए धन्यवादी यात्रा' था।
आयोजन के दौरान प्रभु यीशु के साथ पटना के विभिन्न धर्म बंधु और धर्म पल्ली भी यात्रा के दौरान साथ-साथ चलते रहे। इस दौरान सफेद पोशाकों में आए बालक और बालिकाओं ने पुष्प बिखेरा। यात्रा की समाप्ति पर विलियम डिसूजा द्वारा प्रवचन दिया गया।
पटना के विभिन्न भागों से आए विश्वासियों ने गीतों और प्रार्थना से आयोजन को भक्तिमय बना दिया। पल्ली के पुरोहितगण फादर सुसाई राज, फादर जुनास कुजूर, तथा फादर निलोकस के नेतृत्व में यात्रा का आयोजन किया गया। आयोजन के अंत में धन्यवाद ज्ञापन फादर सुसाई राज ने किया।