Move to Jagran APP

आधे घंटे तक गांधी मैदान से जुड़ा रहेगा पूरा बिहार

बिहार एक बार फिर इतिहास रचने जा रहा है। बाल विवाह और दहेज उन्मूलन को लेकर रविवार को मानव श्रंखला का आयोजन रहेगा।

By JagranEdited By: Published: Sat, 20 Jan 2018 10:30 PM (IST)Updated: Sat, 20 Jan 2018 10:30 PM (IST)
आधे घंटे तक गांधी मैदान से जुड़ा रहेगा पूरा बिहार
आधे घंटे तक गांधी मैदान से जुड़ा रहेगा पूरा बिहार

पटना । बिहार एक बार फिर इतिहास रचने जा रहा है। बाल विवाह और दहेज उन्मूलन को लेकर रविवार को आधे घंटे के लिए संपूर्ण बिहार गांधी मैदान में बने बिहार के नक्शे से एक कड़ी में जुड़ जाएगा। दोपहर 12.00 से 12.30 बजे तक मानव श्रृंखला अटूट रहेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, डीजीपी पीके ठाकुर सहित कई मंत्री और अधिकारी गांधी मैदान में बिहार के नक्शे में बनने वाली मानव श्रृंखला का हिस्सा बनेंगे। सिर्फ पटना जिले में 588 किमी लंबी मानव श्रृंखला होगी। पटना जिला 49 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक किलोमीटर पर एक सेक्टर होगा। प्रत्येक सेक्टर पांच भाग में रहेगा। तैयारियों से स्वयंसेवक भी जोड़े गए हैं। पिछले वर्ष 21 जनवरी को शराबबंदी के विरुद्ध मानव श्रृंखला बनी थी। गांधी मैदान में कोने पर चार विशालकाय हाइड्रोजन बैलून लगेंगे। इन पर बाल विवाह तथा दहेज प्रथा उन्मूलन संबंधी स्लोगन अंकित रहेगा।

loksabha election banner

: आधे घंटे तक अटूट रहेगी मानव श्रृंखला :

आधे घंटे तक मानव श्रृंखला अटूट रहेगी। संपूर्ण राज्य के जिलों और प्रखंड मुख्यालय सहित कई पंचायतें गांधी मैदान में बनने वाली मानव श्रृंखला से अटूट रूप से जुड़ी रहेंगी। श्रृंखला के बीच में बड़े अक्षर में बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन लिखा हुआ है।

: सजकर तैयार हो गया गांधी मैदान :

गांधी मैदान में मानव-श्रृंखला का नजारा देखने लायक होगा। बिहार के नक्शे के रूप में बनी मानव श्रृंखला का हिस्सा मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री और अधिकारी बनेंगे। इनमें शामिल लोगों के पास स्लोगन लिखे प्ले कार्ड, बैलून के गुच्छे, रंग-बिरंगे झंडे आदि रहेंगे। 16 सेगमेंट में 4500 लोग शामिल होंगे। प्रत्येक सेगमेंट में 50-50 बैलून के पांच-पांच गुच्छे रहेंगे। प्रत्येक बैलून नीला व सफेद रंग का रहेगा। हर दस मीटर पर एक बड़ा झंडा लगा रहेगा। सभी प्रतिभागी कैप पहने रहेंगे।

: बैंड से सीएम का होगा स्वागत :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गांधी मैदान में स्वागत बैंड से होगा। माउंट कार्मेल और कृष्णा निकेतन की छात्राएं बैंड बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगी।

: चार गेट से निकलेंगी मानव- श्रृंखला की शाखाएं :

गांधी मैदान में बिहार के नक्शे वाली मानव श्रृंखला की चार शाखाएं निकलेंगी। नक्शे की मानव-श्रृंखला में 4500 लोग भाग लेंगे। गांधी मैदान के गेट एक से निकली ब्रांच फ्रेजर रोड, सगुना मोड़, दानापुर कैंट, शेरपुर, बिहटा मोड़, कोईलवर पुल होते हुए भोजपुर जिले से जुड़ जाएगी। इससे न्यू सचिवालय के पास एक ब्रांच निकलेगी, गेट संख्या पांच से निकल दीघा वाया दानापुर कैंट से जुड़ेगी। एक ब्रांच दीघा-सोनपुर ब्रिज से सारण जिले को जोड़ेगी। गांधी मैदान के गेट संख्या सात से अशोक राजपथ, दीदारगंज, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा होते हुए राजेंद्र पुल से एक ब्रांच लखीसराय जिले को जोड़ेगी। ब्रांच से नालंदा जिला जुड़ जाएगा। गेट संख्या दस से निकलने वाली चेन एक्जीबिशन रोड फ्लाईओवर होते हुए कंकड़बाग, जीरो माइल, गांधीसेतु होते हुए वैशाली जिले को जोड़ेगी। इसकी एक ब्रांच जीरो माइल होते हुए मसौढ़ी मोड़, संपतचक होते हुए जहानाबाद जिले को जोड़ेगी।

इससे ब्रांच निकलकर चिरैयाटांड़ पुल से करबिगहिया, मीठापुर बस स्टैंड न्यू बाईपास होते हुए सिपारा, परसा बाजार, पुनपुन बांध होते मसौढ़ी जाएगी। पुनाईचक के पास निकली ब्रांच राजधानीवाटिका, चिड़ियाघर गेट दो, चितकोहरा पुल होते अनीसाबाद, फुलवारीशरीफ, एम्स, नौबतपुर, बिक्रम, दुल्हिन बाजार पालीगंज होते अरवल जिले से जुड़ जाएगी। चिड़ियाघर गेट दो से राजभवन होते एक ब्रांच आइपीएस मोड़ के पास बेलीरोड में मिलेगी। हड़तालीमोड़ से बो¨रग कैनाल रोड होते राजापुर पुल में एक ब्रांच मिलेगी। गोला रोड में मानव श्रृंखला बनेगी जो बेली रोड और अशोक राजपथ को जोड़ेगी। गुलजारबाग रेलवे स्टेशन से सुदर्शन पथ से नवाब बहादुर रोड होते हुए पश्चिम दरवाजा तक जाएगी। सिटी चौक से बाइपास थाना होते हुए मरचा- मरची रोड, बाल्डविन स्कूल तक जाएगी।

: तोरणद्वार होंगे आकर्षण का केंद्र :

गांधी मैदान के चारों गेट पर तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं। गांधी मैदान से हड़ताली चौक के बीच 30 बैलून द्वार बनाए जा रहे हैं। जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक तक बाल विवाह और दहेज उन्मूलन पर बैनर लगाए जा रहे हैं।

: बाल विवाह व दहेज उन्मूलन पर दिखेगी पेंटिंग :

गेट संख्या-10 से मुख्य मंच तक रास्ते के दोनों तरफ कपड़े की साइड वाल तैयार की गई है। दीवार पर बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन के संबंध में स्लोगन लिखे मिलेंगे। विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगता की बेहतर पेंटिंग भी यहां देखने को मिलेगी।

--------

: एक नजर में पटना जिला :

- राजधानी की एक-चौथाई आबादी बनेगी मानव-श्रृंखला का हिस्सा

- 588 किमी लंबी होगी मानव श्रृंखला

- 588 सेक्टर और 2940 सेगमेंट में होगी बंटी

- 167 किमी का मेन रूट पटना जिले में

- 256 किमी का सब रूट

- 165 किमी के अन्य रूट

- 200-200 मीटर पर होंगे प्रभारी समन्वय

- जगह-जगह पर रहेंगे शौचालय व यूरिनल

- पेयजल की रहेगी व्यवस्था

- सभी प्रतिभागी बच्चे को एक-एक बोतल पानी और एक-एक बिस्कुट का पैकेट मिलेगा

- मानव-श्रृंखला के समय गांधी मैदान में चार मेडिकल कैंप रहेंगे।

: त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में गांधी मैदान : मानव श्रृंखला के दौरान गांधी मैदान का क्षेत्र तीन स्तर के सुरक्षा घेरे में रहेगा। गांधी मैदान में 28 प्वाइंट पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। प्रत्येक गेट पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। बिस्कोमान, स्टेट बैंक, मौर्या लोक, ट्विन टावर, उद्योग भवन सहित गांधी मैदान के आसपास के आसपास की सभी बड़ी इमारतों पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी रखी जाएगी। गेट संख्या दस पर चार दंडाधिकारी, चार पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ 1-4 सशस्त्र बल एवं 10 लाठी बल एवं चार महिला बल को तैनात किया गया है। इसी तरह का दृश्य संपूर्ण गांधी मैदान में दिखेगा।

: अस्थायी नियंत्रण कक्ष :

गांधी मैदान में अस्थाई नियंत्रण कक्ष काम करेगा। आठ दंडाधिकारी और पांच पुलिस पदाधिकारी के साथ महिला और पुरुष बल के जवान तैनात रहेंगे। इसके साथ जिला नियंत्रण कक्ष में नौ दंडाधिकारी और छह पुलिस पदाधिकारी सशस्त्र बल और लाठीधारी महिला व पुरुष बल के साथ तैनात रहेंगे।

: जगह-जगह रहेंगे इंतजाम :

पटना जिले में 588 किमी लंबी चेन बनेगी। मानव श्रृंखला के रूटों पर पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम, एंबुलेंस, पानी व बिस्कुट की व्यवस्था, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन से संबंधित स्लोगन लिखे बैनर, तख्ती, कैप आदि की व्यवस्था रहेगी। सबसे अधिक जोर गांधी मैदान से निकले रूट और उससे निकलने वाली ब्रांचों में विधि व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सहित सभी प्रकार की सुविधाओं की व्यवस्था पर चर्चा हुआ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.