पटना सिटी में पटाखा जलाने के दौरान हुआ विस्फोट, झुलसने से पांच बच्चे गंभीर Patna News
राजधानी में रविवार की सुबह पटाखा जलाने के दौरान हुए विस्फोट में पांच बच्चे झुलस गए। हादसे के बाद घायल बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पटना, जेएनएन। राजधानी में रविवार की सुबह पटाखा जलाने के दौरान विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि दूर-दूर तक आवाजों से लोग दहशत में आ गए। घटना खाजेकलां थाना क्षेत्र की है। हादसे में पांच बच्चे झुलस गए हैं। जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां स्थिति गंभीर देखकर सभी को एनएमसीएच रेफर कर दिया गया।
हादसा खाजेकलां थाना क्षेत्र के गुरहट्टा में हुआ। बताया जाता है कि देर रात अतिशबाजी के के बाद मुहल्ले की एक जगह पर ढेर सारा कागज इकत्र हो गया था। रविवार की सुबह एक बच्चे को उसी कागज के ढेर में एक पटाखा मिल गया। इसके बाद बच्चे ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर पटाखा जलाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान कागज में लगी आग पाकर एक पटाखा फूट गया। जिसकी चपेट में आकर पांच बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक तो लोग समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या। इस बीच बच्चों को तड़पता देख आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। सूचना पर आलमगंज थाने की पुलिस छानबीन के लिए पहुंच गई है।