मिट्टी घोटाले में जू निदेशक पर हुई पहली कार्रवाई, जानिए पूरा मामला
बिहार में मिट्टी घोटाले में पहली कार्रवाई पटना जू के निदेशक पर की गई है। पर्यावरण एवं वन विभाग उन्हें पद से हटाने जा रहा है। सीएम नीतीश ने भी इस बात की सहमति दे दी है।
पटना [जेएनएन]। बिहार में हुए मिट्टी घोटाले में पहली गाज संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक नंदकिशोर पर गिरने जा रही है। पर्यावरण एवं वन विभाग उन्हें पद से हटाने जा रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी सहमति मिल गई है। केवल आदेश निर्गत होना शेष है। गुरुवार देर शाम तक वरीय अधिकारी विभाग से स्थानांतरण आदेश निर्गत होने की प्रतिक्षा कर रहे थे।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार संजय गांधी जैविक उद्यान का नया निदेशक बेगूसराय के डीएफओ कमलजीत सिंह को बनाया जा रहा है। नाम तय है। मात्र आदेश निर्गत होने का इंतजार है। जबकि मौजूदा निदेशक नंदकिशोर का तबादला कार्य नियोजन प्रमंडल, नेहरू नगर में किया जा रहा है।
कार्य नियोजन प्रमंडल के डीएफओ सुधीर कुमार का तबादला प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में तैनात भोला प्रसाद को बेगूसराय का डीएफओ बनाया जा रहा है।
बता दें कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के सगुना मोड़ के पास बन रहे मॉल से मिट्टी खरीदकर चिडिय़ाघर में लाने का मौजूदा निदेशक पर आरोप है। यह आरोप खुद मौजूदा उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लगाया था।
इसी मॉल के कारण उठे राजनैतिक भूचाल में राजद को सत्ता से बेदखल होना पड़ा। मिट्टी घोटाले की जांच चल रही है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने उद्यान निदेशक को हटाने का फैसला लिया।