अवैध बालू खनन में वर्चस्व को लेकर फायरिग, एक की मौत
मनेर। थाना क्षेत्र के शेरपुर में अवैध बालू खनन व वसूली में वर्चस्व को लेकर सोमवार की रात दो गुटों में फायरिंग हो गई। इसमें एक की मौत हो गई।
मनेर। थाना क्षेत्र के शेरपुर में अवैध बालू खनन व वसूली में वर्चस्व को लेकर सोमवार की रात दो गुटों में फायरिग हुई, जिसमें एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। हालांकि मृतक के स्वजनों ने इसे रुपये के लेन-देन का विवाद बताया है। वहीं, स्वजनों की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही तीन नामजद समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार शेरपुर में गंगा नदी में बालू ढोने वाले नाविकों से अवैध वसूली को लेकर सोमवार की देररात दो गुटों में जमकर फायरिग हुई। फायरिग में मनेर के खासपुर निवासी 38 वर्षीय सुखदेव राय की गोली लगने से मौत हो गई। सुखदेव की मौत की जानकारी मंगलवार सुबह जब लोग गंगा में स्नान के लिए जा रहे थे तो घाट किनारे पड़ी लाश देख हुई। इसके बाद मनेर थाने की पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सुखदेव राय को दो गोली लगी है। वर्चस्व को लेकर घाट पर गोलीबारी हुई है। घटना में गांव ही के अखिलेश कुमार पुत्र नयबत राय, मिथलेश कुमार पुत्र गोपाल राय व अंगद कुमार पुत्र शंभू राय समेत 12 लोगों को नामजद किया गया है। मृतक के स्वजनो ने इसे पैसे के लेन-देन का विवाद बताया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। बताते चलें कि तीन-तीन जिलों की सीमा पर पड़ने वाले मनेर में अवैध बालू खनन व वसूली को लेकर इन दिनों अक्सर बंदूकें गरज रही हैं, लेकिन प्रशासन इस पर रोक नहीं लगा पा रहा है।
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, दो नामजद
दानापुर। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दो लोगों को आरोपित किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि दानापुर की रहने वाली पीडि़ता ने अपने आवेदन में कहा है कि एक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसे अपने रिश्तेदार के यहां भी ले गया, जहां रिश्तेदार ने भी गलत काम किया। बाद में शादी करने से इन्कार कर दिया। अपर थानाध्यक्ष डीएन सिंह ने बताया कि पीडि़ता के लिखित बयान पर मामला दर्ज किया गया है। दो लोगों को आरोपित किया गया है। छानबीन कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्राथमिकी दर्ज
दानापुर। थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर मृतका की मां ने ससुरालवालों के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
थाना क्षेत्र के न्यू मैनपुरा निवासी मीना ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उनकी पुत्री सीमा की शादी आनंद बाजार निवासी दीपक कुमार के साथ 2008 में हुई थी। उसे दो लड़की भी हुई। लेकिन ससुरालवाले उसे बराबर प्रताडि़त करते थे। 23 अप्रैल को साजिश के तहत बेटी की ससुराल वालों ने हत्या कर दी। अपर थानाध्यक्ष डीएन सिंह ने बताया कि मृतका सीमा की मां मीना देवी ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कराते हुए पति दीपक कुमार व सास-ससुर समेत आधा दर्जन लोगों को आरोपित किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।