यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पटना सचिवालय के पास स्थित विश्वेश्वरैया भवन में भीषण आग, कई विभागों के मंत्री बैठते हैं यहां
Patna News पटना के नया सचिवालय के ठीक पास स्थित विश्वेश्वरैया भवन में बुधवार की सुबह भीषण आग लग गई ...और पढ़ें

पटना, जागरण टीम। Fire in Vishveshvaraiya Bhavan Patna: बिहार की राजधानी पटना में नया सचिवालय के ठीक पास स्थित विश्वेश्वरैया भवन में बुधवार की सुबह भीषण आग लग गई। इस बहुमंजिला भवन में बिहार सरकार के तमाम इंजीनियरिंग विभागों के कार्यालय संचालित होते हैं, जहां कई मंत्री और तमाम बड़े अफसर बैठते हैं। आग तीसरी मंजिल से शुरू हुई और बढ़ते हुए पांचवीं मंजिल तक इसका असर हो गया। सुबह आठ बजे सूचना के बाद पहुंची दमकल की टीम ने तीसरी मंजिल पर लगी आग में तो लगभग काबू पा लिया, लेकिन ऊपर की मंजिलों में आग दोपहर 11 बजे तक बढ़ती ही जा रही थी। यहां फंसे तीन मजदूरों को निकाला गया है।

बुधवार की सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे। तमाम कोशिशों के बावजूद आग पर काबू पाने में अच्छा-खासा वक्त लग रहा है। आग का असर तीसरी से पांचवीं मंजिल तक है। तीसरी मंजिल पर लगी आग सबसे पहले काबू पा ली गई, लेकिन ऊपर के हिस्से में आग बुझाने में मुश्किल आ रही है। आपको बता दें कि विश्वेश्वरैया भवन में फिलहाल मरम्मत का कार्य चल रहा है। आग पर काबू पाए जाने की बात कही जा रही है, हालांकि आग अभी पूरी तरह बुझी नहीं है। आग से हुए नुकसान का पता चलने में वक्त लगने की संभावना है।
आग बुझाने में लगीं दमकल की 15 गाड़ियां
दमकल की 15 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। बीच-बीच में पानी खत्म होने के कारण दमकलों को फिर से वाटर फिलिंग स्टेशन पर लौटना पड़ रहा है। भवन के अंदर से काफी धुंआ निकल रहा है। बताया जा रहा है कि 5वीं मंजिल पर कुछ मजदूर भी फंसे हैं। उन्हें निकालने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफार्म की मदद ली जा रही है। दमकल विभाग के मुताबिक उन्हें सुबह 8 बजे आग की सूचना मिली थी। पटना के डीएम डा. चंद्रशेखर सिंह और कई बड़े अफसर मौके पर पहुंचे हैं।
लोकल पुलिस पर भड़कीं फायर ब्रिगेड की डीजी
फायर ब्रिगेड की डीजी शोभा अहोटकर ने कहा कि उनके विभाग के लोग सूचना मिलते ही एक्टिव हुए। वे खुद अपने सीनियर अफसरों के साथ मौके पर पहुंचींं और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर काफी लोग अनावश्यक भीड़ लगा रहे थे, जिन्हें हटाने के लिए लोकल पुलिस नजर नहीं आई। उन्होंने कहा कि पटना के एसएसपी को भी यहां रहना चाहिए था। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड के स्टाफ को ही भीड़ हटाने पर भी काम करना पड़ा। ऐसेे हालात में हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
