मांझी के बेटे के बंगले में लगी आग, बाल-बाल बचे मंत्री व परिवार के लोग, लाखों के नुकसान की आशंका
बिहार सरकार के एससी-एसटी कल्याण मंत्री संतोष कुमार सुमन के आवास में बुधवार सुबह आग लग गई। आग लगते ही अफरातफरी मच गई। मंत्री व परिवार के लोगों को आवास से सुरक्षित निकाल लिया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई।
पटना, आनलाइन डेस्क। राज्य के लघु सिंचाई एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री संतोष कुमार सुमन के राजधानी स्थित आवास में बुधवार सुबह आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। मंत्री समेत परिवार के लोगों को सुरक्षित निकाल कर फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुट गई। बताया जाता है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी थी। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। इसमें कितने का नुकसान हुआ इसका पता नहीं चल सका है।
फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
जानकारी मिली है कि पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन के आवास में सुबह करीब 8.30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप अख्तियार कर लिया। इसकी सूचना सचिवालय थाने को दी गई। इस बीच मंत्री व परिवार के सदस्य आवास से निकल गए। इसके बाद सचिवालय एवं छज्जू बाग से दमकल की तीन गाड़ियां पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पा लिया गया। संयोग था कि समय रहते घटना का पता चल गया। ऐन वक्त पर आग बुझा ली गई। इसके बाद सबने राहत की सांस ली।
(आवास की खिड़की से उठतीं आग की लपटें।)
बताया जाता है कि सुबह में अचानक आग की लपटें उठने लगीं तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जरूरी जगहों पर सूचना दी गई। इससे पहले मंत्री और उनके परिवार के लोगों को आवास से बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचा दिया गया। मंत्री संतोष कुमार सुमन ने घटना को लेकर बताया कि संभवत: शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी। वैसे सही कारणों का पता तो बाद में चलेगा। इससे क्या नुकसान हुआ है यह भी अभी नहीं बता सकते। मालूम हो कि संतोष कुमार सुमन विधान परिषद के सदस्य हैं। पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की जगह इस बार वे मंत्रालय में दो-दो महत्वपूर्ण विभाग संभाल रहे हैं। उनकी सास भी हम की विधायक हैं।