धान गबन के आरोप में चार पैक्स अध्यक्षों पर प्राथमिकी
सरकारी नियमों का उल्लंघन कर धान खरीदने और धान गबन करने के आरोप में चार पैक्स अध्यक्षों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पटना (नौबतपुर)। सरकारी नियमों का उल्लंघन कर धान खरीदने और धान गबन करने के आरोप में नौबतपुर प्रखंड के चार पैक्स अध्यक्षों के विरुद्ध जिला सहकारिता पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी शिवकुमार राम ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दर्ज प्राथमिकी में पैक्स अध्यक्ष सुलेंद्र प्रसाद गुप्ता, करंजा-गोआय पैक्स अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, फरीदपुर पैक्स अध्यक्ष दिलीप कुमार व इब्राहिमपुर पैक्स अध्यक्ष रोहित कुमार आर्य शामिल हैं। जानकारों की मानें तो गोदाम में उपलब्ध धान की मात्रा का अंतर का कारण पैक्सों द्वारा संबंधित मिलरों से अग्रिम सीएमआर जमा कराए बिना ही अतिरिक्त धान दे दिया जाना बताया गया। जो विभागीय निर्देश का उल्लंघन है। साथ ही सरकारी प्रावधान के मुताबिक किसी भी परिस्थिति में मिलरों को अतिरिक्त धान नहीं देना था। यह मामला तब प्रकाश में आया जब डीएम ने खरीफ विपणन मौसम 2017-18 में नौबतपुर प्रखंड में धान अधिप्राप्ति का भौतिक सत्यापन कराया।
ये पैक्स डिफॉल्टर
अनुमंडल पदाधिकारी दानापुर द्वारा जिन पैक्सों का सत्यापन किया गया उनमें जैतीपुर पैक्स में जहां प्रतिवेदित धान की मात्रा 3596 क्विंटल के विरुद्ध 2771 क्विंटल, फरीदपुर पैक्स में 4260 क्विंटल के विरुद्ध 2626. 90 क्विंटल, इब्राहिमपुर पैक्स में 7339.60 क्विंटल के विरुद्ध 4448. 90 क्विंटल व करंजा-गोआय पैक्स में 5810 क्विंटल के विरुद्ध 5450.90 क्विंटल ही गोदाम में धान मिले। जैतीपुर पैक्स में 825 क्विंटल, फरीदपुर पैक्स में 1633.10 फरीदपुर पैक्स में 1633.10 क्विंटल, इब्राहिमपुर पैक्स में 2890.70 क्विंटल व करंजा-गोआय पैक्स में 359.10 क्विंटल धान कम पाए गए।
पूर्व में भी धान अधिप्रात्ति में अनियमितता को लेकर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसके बाद भी संबंधित लोगों ने सबक लेना मुनासिब नहीं समझा।