शादी समारोह में अचानक चलने लगीं कुर्सियां, दूल्हे को भी लड़की वालों ने बना लिया बंधक, जानें
बेगूसराय में बरात में लड़कियों के फोटो खींचने पर मारपीट वर सहित कई बारातियों को ग्रामीणों ने बनाया बंधक क्षतिपूर्ति की मांग
बेगूसराय [जेएनएन]। बेगूसराय में उस समय अजीबोगरीब मामला सामने आया, जब शादी समारोह में मारपीट होने लगी। मामला फोटो खींचने को लेकर था। विवाद इतना आगे बढ़ गया कि आक्रोशित लोगों ने पूरे पंडाल को तहस-नहस कर दिया। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह मामले को शांत कराया गया। थोड़ी देर के लिए दूल्हे को बंधक बना लिया।
दरअसल बेगूसराय के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शादी के रस्म निभाये जा रहे थे। बारात दरवाजे पर आ गई थी। बारात में शामिल कुछ युवकों ने लड़कियों के फोटो खींच लिये। सरातियों काे यह नागवार गुजरा। इसके बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। पंडाल तहस-नहस कर दिया गया। दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद दूल्हे एवं कई परिजनों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया।
मिर्जापुर निवासी अरुण महतो की पुत्री की शादी थी। चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव निवासी कैलाश महतो पुत्र की बारात लेकर रात 12 बजे मिर्जापुर पहुंचे। बारात में शामिल कुछ युवक शराब के नशे में धुत थे। वे वरमाला के दौरान लड़कियों के फोटो खींच रहे थे। महिलाओं एवं ग्रामीणों से दुर्व्यवहार का विरोध लड़की के पिता अरुण महतो ने किया। यह बात बरात में शामिल युवकों को नागवार गुजरी। युवकों ने कुर्सी से लड़की के पिता एवं अन्य लोगों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते वर एवं वधू पक्ष के लोगों के बीच कुर्सियां चलने लगीं। बाद में मामला शांत हुआ।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप