ट्रेन के सामने महिला सिपाही ने लगाई छलांग, पीछे से पुरुष सिपाही भी कूदा; एक की मौत Patna News
सचिवालय हॉल्ट पर गुरुवार की सुबह महिला और पुरुष सिपाही ट्रेन के सामने कूद गए। हादसे में महिला सिपाही की मौत हो गई। जबकि पुरुष सिपाही की हालत गंभीर बनी हुई है।
पटना, जेएनएन। राजधानी के सचिवालय हॉल्ट पर गुरुवार की सुबह महिला और पुरुष सिपाही ट्रेन के आगे कूद गए। हादसे में ट्रेन से कटने के कारण महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि, पुरुष को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान नंदिनी कुमारी के रूप में हुई है। घायल पुरुष जवान सरोज कुमार है। दोनों झारखंड के देवघर में तैनात हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों गुरुवार की सुबह 11.30 बजे सचिवालय हॉल्ट आए थे। एक दूसरे से बात करने के दौरान महिला ट्रेन के आगे कूद गई। उसे बचाने के लिए पुरुष ने भी छलांग लगा दी। ट्रेन की गति तेज होने के कारण महिला का सिर पहियों के नीचे आ गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। युवक भी ट्रेन की चपेट में आ गया। घायन युवक को गंभीर अवस्था में पटना मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (पीएमसीएच) भेजा गया।
दोनों की पहचान उनके पास मिले परिचय पत्र से की गई। उन्होंने आत्महत्या क्यों की और दोनों का आपस में क्या रिश्ता था, इन बातों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।