Move to Jagran APP

बिचौलिए को धान बेच रहे किसान, पटना में जोर नहीं पकड़ रही खरीद

पटना में धान की खरीद पर ब्रेक लग गया है। नवंबर मध्य से अभी तक जितनी खरीद हो जानी चाहिए वह अपर्याप्त है।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Thu, 10 Jan 2019 04:43 PM (IST)Updated: Thu, 10 Jan 2019 04:43 PM (IST)
बिचौलिए को धान बेच रहे किसान, पटना में जोर नहीं पकड़ रही खरीद
बिचौलिए को धान बेच रहे किसान, पटना में जोर नहीं पकड़ रही खरीद

पटना, जेएनएन। जब फसल ही नहीं बिकेगी तो किसान जाएंगे कहां? किसान मेहनत भी करें फिर फसल बेचने के लिए जद्दोजहद। अंत में बिचोलियों के हाथों औने-पाने दाम पर फसल बेच दें। ये हाल पटना का है। जिले में धान खरीद को तुरंत गति नहीं मिली तो सरकार की चाहत और प्रयास का रंग फीका पड़ जाएगा। समय से खरीद एजेंसी को पैसों का आवंटन होने के बाद भी अभी पैक्सों और व्यापार मंडल में धान की खरीद जोर नहीं पकड़ सकी है। नवंबर मध्य से अभी तक जितनी खरीद हो जानी चाहिए वह अपर्याप्त है।

loksabha election banner

समस्या एक नहीं, कई हैं

जमीनी स्तर पर कन्फ्यूजन भी बहुत है। कहीं पैक्सो का बैंक से अनुबंध नहीं हो सका है तो कहीं लक्ष्य निर्धारण पर संशय है। कई जगह अभी खरीद शुरू ही नहीं हुई है।  बख्तियारपुर : प्रखंड में 16 पैक्स हैं, लेकिन अभी महज दो पैक्सों में ही धान खरीद शुरू हुई है। किसान बिचौलिया के हाथों धान बेचने को विवश हैं। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि दो पैक्स में धान की खरीद शुरू हुई है। प्रखंड के डोमा पैक्स में अब तक 418 क्विंटल एवं करनौती पैक्स में 70 क्विंटल धान किसानों से खरीदी गई है, जबकि लक्ष्य 20 हजार क्विंटल धान खरीदने का है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पिछले साल किसानों से धान खरीद की गई थी, लेकिन इस साल व्यापार मंडल को कैश क्रेडिट की व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे खरीद नहीं हो रही है।

मनेर में 19 में दो पैक्सों में खरीद

मनेर प्रखंड के 19 में से महज दो पैक्स में ही धान की खरीद शुरू हुई है। बीसीओ सुधीर सिन्हा ने बताया कि प्रखंड के रामपुर तौफिर पैक्स व सिंघारा पैक्स में धान की खरीद प्रारंभ हो गई है। रामपुर तौफिर पैक्स में 275 क्विंटल धान की खरीद हुई है। ऑनलाइन खरीद होने से वेबसाइट पर सीधा लोड हो जाता है। अन्य 17 पैक्सों में भी धान खरीद व भुगतान के लिए पीएफएमएस पोर्टल पर काम चल रहा है।

फतुहा में खरीद का इंतजार

प्रखंड के किसी भी पैक्स में अब तक धान की खरीद शुरू नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि हमलोगों की खेती दुकानदारों की साख पर चलती है। दुकानदारों से कर्ज लेकर खाद-बीज लेते हैं। समय पर दुकानदारों को बकाया राशि के भुगतान के लिए धान बाहर बेचना जरूरी हो गया है। पैक्स अध्यक्षों का कहना है कि अभी तक एग्रीमेंट नहीं हुआ है।

लक्ष्य कम तय होने से पैक्स अध्यक्ष नहीं खरीद रहे धान

दुल्हिन बाजार प्रखंड की 12 पंचायतों में धान खरीद की अनुमति है, जबकि उलार-सोरंगपुर व नरही-पिरही पंचायत डिफॉल्टर घोषित होने के कारण यहां धान खरीद की अनुमति नहीं है। अभी तक दुल्हिन बाजार में दो पैक्स में ही 220 क्विंटल धान खरीद हुई है। भरतपुरा पैक्स अध्यक्ष प्रेमभूषण सिंह यादव ने बताया कि क्षेत्र नहरी बेल्ट है। यहां धान की उपज अच्छी होती है। जबकि एक पंचायत को तीन हजार क्विंटल ही धान खरीद करनी है। केंद्र चालू करते ही किसानों में विवाद हो जाएगा। वहीं ऐनखा-भीमनीचक पंचायत के पैक्स अध्यक्ष व प्रखंड व्यापार मंडल अध्यक्ष शंभूशरण शर्मा ने बताया कि इस वर्ष धान खरीद के लिए पैक्स अध्यक्ष को प्रशिक्षण नहीं मिला है। विभाग से पाटलीपुत्रा को-ऑपरेटिव बैंक में अभी तक सीसी नहीं खुला है।

वहीं सोरंगपुर के किसान अजेश शर्मा ने बताया कि उनकी पंचायत में अभी धान खरीद की अनुमति नहीं मिली है। धान खलिहान में पड़ा है। व्यापारी आने-पौने दाम दे रहे हैं। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी का प्रखंड में उपस्थित नहीं रहने से भी किसानों को परेशानी हो रही है।

फुलवारी में जल्द शुरू होगी खरीद

फुलवारीशरीफ प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी रंजन राजीव कुमार ने बताया कि फुलवारीशरीफ प्रखंड को सूखाग्रस्त घोषित किया जा चुका था। इसके बाद कुछ किसानों को मुआवजा भी दिया गया है। इसके बाद धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने का कोई आधार नहीं है। फुलवारीशरीफ के सभी पैक्स केंद्र पर नमी नापने का यंत्र लगा है। वर्तमान में धान की नमी 22 फीसद है, घटकर नमी 19 पर आते ही धान की खरीदारी शुरू कर दी जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.