एक्जीबिशन रोड फ्लाईओवर होगा टू-वे, जीपीओ गोलंबर से गांधी मैदान जा सकेंगे वाहन
मई से एक्जीबिशन रोड फ्लाईओवर पर दोनों तरफ से गाड़ियां फर्राटा भरने लगेंगी।
पटना । मई से एक्जीबिशन रोड फ्लाईओवर पर दोनों तरफ से गाड़ियां फर्राटा भरने लगेंगी। फिलहाल यह फ्लाईओवर वनवे है और सिर्फ गांधी मैदान के रामगुलाम चौक से इसपर चढ़ सकते हैं। अभी इससे सिर्फ चिरैयाटांड पुल की ओर ही जाया जा सकता है।
मीठापुर फ्लाईओवर पर जीपीओ गोलंबर से महावीर मंदिर के सामने से होते हुए चिरैयाटांड पुल को जोड़ने वाले ओवरब्रिज से इसके लिए आर्म निकाली जा रही है। यह एक्जीबिशन रोड फ्लाईओवर में मिलेगी। 11 करोड़ की लागत इसके निर्माण में आएगी। 30 अप्रैल तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम यह कार्य कर रहा है।
निर्माण पूरा होने के बाद मीठापुर फ्लाईओवर पर जीपीओ गोलंबर से गांधी मैदान की ओर जाना आसान हो जाएगा। एक्जीबिशन रोड फ्लाईओवर साढ़े पांच मीटर चौड़ा है। अभी वनवे है। फरवरी 2016 में इसका शुभारंभ हुआ था। लंबाई 760 मीटर है। यातायात व्यवस्था में परेशानी के बाद अभियंताओं ने दोनों ओर से वाहन परिचालन की संभावना की जांच की थी। जांच के बाद दोनों तरफ से वाहनों के आने-जाने की सुविधा देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।
जब ऊपर से ही जाने की सुविधा मिलेगी तो एक्जीबिशन रोड में जाम में फंसने से राहत मिलेगी। अक्टूबर से कार्य चल रहा है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारी के अनुसार एक्जीबिशन रोड और स्टेशन रोड फ्लाईओवर को एक आर्म बनाकर जोड़ने से यह संभव हो सकेगा।
- - - - - - - - - - - - - - - - - - -