बोले जीतनराम मांझी: भाजपा के साथ मिलकर नीतीश ने अपनी छवि खराब की
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि भाजपा के साथ मिलकर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने छवि खराब कर ली है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि भाजपा के साथ मिलकर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने छवि खराब कर ली है। उन्होंने कहा कि आज राज्य के हर क्षेत्र में अनियमितताएं बढ़ी हैं। मांझी गुरुवार को पार्टी की ओर से आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे।
मांझी की मौजूदगी में लोक जनशक्ति पार्टी (से) के कई नेताओं ने हम की सदस्यता ग्रहण की। इनमें लोजपा (से) के सुरेंद्र कुमार चौधरी एवं रमेश चंद्र कपूर के साथ ही दूसरे कई कार्यकर्ता हैं। मांझी ने समारोह में कहा कि इन दोनों के हम में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। हमारी पार्टी दलित, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और गरीबों की पार्टी है। इन नेताओं ने हमारे सिद्धांत और पार्टियों की नीति को देखते हुए हमारे साथ आने का फैसला किया है।
मांझी ने अपने संबोधन में प्रदेश के मुख्यमंत्री पर भी हमला बोला और कहा कि पिछले 14 वर्षों से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं और इस दौरान हर क्षेत्र में अनियमितता बढ़ी है। आज प्रदेश में लोग भय, भूख और भ्रष्टाचार से पीडि़त हैं। मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं और सरकार सोई हुई है। व्यवस्था शिक्षा की हो या फिर स्वास्थ्य की हर क्षेत्र में नीतीश सरकार फेल है। कार्यक्रम में संतोष कुमार सुमन, डॉ. उपेंद्र प्रसाद, दानिश रिजवान, अजय यादव, अमरेंद्र त्रिपाठी के साथ ही पार्टी के अनेक नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।