Events in Patna: तख्त श्रीहरिमंदिर में हो रहा अखंड पाठ, कालिदास रंगालय में आज नाटक देखने का मौका
पटना में आज का दिन धार्मिक राजनीतिक सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के नाम रहेगा। तख्त श्रीहरिमंदिर जी पटना साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ का समापन शनिवार यानी छह फरवरी को होगा। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद आज पहुंचेंगे पटना
पटना, बिहार ऑनलाइन डेस्क। Patna News Today: पटना में आज का दिन धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के नाम रहेगा। आज से पटना सहित पूरे बिहार में काेरोना टीकाकरण के दूसरे चरण के अभियान का शुभारंभ होगा। इसमें फंटलाइन वर्कर्स को कोरोना टीकाकरण का लाभ मिलेगा। इसी के साथ आज तख्त श्रीहरिमंदिर साहिब में चल रहे श्रीगुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का समापन होगा। कालिदास रंगालय में चल रहे प्रांगण नाट्योत्सव में आज आखिरी नाटक दिखाया जाएगा।
सेवा सिमरन संत बाबा भाग सिंह, संत बाबा करतार सिंह व संत बाबा तरलोचन सिंह के स्मृति पर्व को ले तख्त श्रीहरिमंदिर जी पटना साहिब में शुक्रवार को 26 लड़ियों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ हुआ। इस पाठ का समापन शनिवार यानी छह फरवरी को होगा। पंजाब स्थित कपूरथला के संत बाबा अवतार सिंह व संत बाबा गुरुचरण सिंह की देखरेख में भी अखंड पाठ जारी है। 11 दिवसीय अखंड पाठ का समापन आठ फरवरी को होगा। उसी दिन संत समागम पर विशेष दीवान सजेगा। इसमें भजन कीर्तन व कथा प्रवचन होगा। पंजाब व दूसरे प्रांतों से सिख संगतों का जत्था तख्त साहिब पहुंच रहा है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद आज पहुंचेंगे पटना
केंद्रीय न्याय एवं विधि, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सह पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद शनिवार को पटना पहुंचेंगे। सांसद प्रतिनिधि ने बताया रविवार को नागेश्वर कॉलोनी स्थित आवास पर संसदीय क्षेत्र की जनता से मिलेंगे। उसी दिन दोपहर में रविंद्र भवन व बिहार विधानसभा के शताब्दी वर्ष समारोह के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
7-8 फरवरी को दो दिवसीय कबीर महोत्सव
बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद द्वारा कबीरपंथी मठ चकनूरी, कबीर मठ कंसारी बेलदारीचक के महंत मनभंग दास शास्त्री द्वारा दो दिवसीय कबीर महोत्सव का आयोजन सात व आठ फरवरी को होगा। आयोजन में कबीर से जुड़े अनुयायी आएंगे। महंत ने कहा कि यह राजधानी का सबसे पुराना मठ है। यहां कई सिद्ध संतों की समाधि दर्शनीय है।
मठ से जुड़े हजारों शिष्य बिहार, झारखंड, बंगाल, छत्तीसगढ़ आदि जगहों पर धार्मिक गतिविधियों को गति देने में लगे हैं। कबीर के जीवन दर्शन पर आयोजित संगोष्ठी में फतुहा के महंत ब्रजेश मुनि, महाराष्ट्र के संत शिवमुनि शास्त्री, जहानाबाद के महंत कैलाश दास, राजगीर के विजय शंकर गिरि, गुलबीघाट के राजेश दास भक्तों को संत कबीर के व्यक्तित्व से परिचय कराएंगे।
आज पटना में हाेने वाले प्रमुख आयोजन
- डीएवी पब्लिक स्कूल बीएसईबी कॉलोनी, न्यू पुनाईचक पटना की ओर से महात्मा नारायण दास ग्रोवर स्मृति दिवस समारोह सुबह 10:30 बजे
- उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान पटना की ओर से पद्मश्री दुलारी देवी का सम्मान समारोह बिहार म्यूजियम परिसर में दोपहर 12:30 बजे
- दैनिक जागरण बागबान क्लब की ओर से शास्त्री नगर स्थित रेनबो होम परिसर में बच्चों के बीच स्टेशनरी सामग्री का वितरण दोपहर 2:30 बजे
- बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से पोस्ट बजट टॉक का आयोजन कॉमर्स परिसर में दोपहर 3:00 बजे
- प्रांगण पाटलिपुत्र नाट्य महोत्सव के समापन पर प्रागंण पटना की ओर से रवींद्रनाथ ठाकुर लिखित चारूलता का मंचन कालिदास रंगालय परिसर में शाम 6:30 बजे