बेलीरोड में विद्युत भवन के सामने लगे पेड़ों के काटने पर रोक
सड़क चौड़ीकरण के कारण पेड़ों की कटाई से गर्मी में पटना की सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है।
पटना । सड़क चौड़ीकरण के कारण पेड़ों की कटाई से गर्मी में पटना की सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। बेलीरोड में आयकर गोलंबर से हाईकोर्ट के बीच सड़क चौड़ीकरण के नाम पर विद्युत भवन के आगे स्थित विशाल पेड़ों की कटाई पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने रोक लगा दी है।
सड़क निर्माण एजेंसी सड़क के किनारे से नाले का निर्माण करना चाहती है। वहीं विभाग ने स्पष्ट कर दिया गया है कि पेड़ नहीं कटेंगे। नाला बीच सड़क के नीचे से ले जाएं। वहीं सगुना मोड़ से दानापुर रेलवे स्टेशन के बीच चार दर्जन विशाल पेड़ों के काटने पर भी रोक लगा दी गयी है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने कई चरण में इस सड़क का दौरा किया है। उनका मानना है कि बहुत सारे पेड़ों को बचाया जा सकता है। यही नहीं दीघा-आर. ब्लॉक सिक्स लेन में भी कुछ पेड़ बचे हैं। उन्हें बचाने का सुझाव दिया गया है।
बुधवार को पथ निर्माण, भवन निर्माण, एयरपोर्ट सहित सभी निर्माण एजेंसियों के साथ आरण्य भवन में जागरुकता बैठक हुई। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि पेड़ों को बचाना है। सभी विभाग वानिकी विशेषज्ञ रखें। सड़क या भवन निर्माण की योजना बनाते समय पेड़ों के बचाव का अध्ययन करा लें। पर्यावरण असंतुलित होता जा रहा है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक डीके शुक्ला ने पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डाला। निर्माण कार्य से जुड़े सभी विभागों के अभियंताओं ने माना कि पेड़ बचाना आवश्यक है। सभी ने पेड़ बचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) एसएस चौधरी, मुख्य वन्य प्राणी प्रतिपालक एके पांडेय, हरियाली मिशन के निदेशक राकेश कुमार, पारिस्थितिकी निदेशक संतोष तिवारी, आरसीसीएफ बीके गुप्ता आदि मौजूद थे।
ज्ञात हो कि बेली रोड के चौड़ीकरण के नाम पर हजारों की संख्या में पेड़ों की कटाई कर दी गई। डाकबंगला चौराहे से दानापुर तक बेलीरोड के दोनों किनारे पेड़ थे। सभी चौड़ीकरण के नाम पर काट दिए गए। राम मनोहर लोहिया चक्रपथ निर्माण के क्रम में हाल में सड़क किनारे स्थित पेड़ों की कटाई कर दी गयी। 2012 से अब तक काटे गए बड़े और छोटे पेड़-पौधों की संख्या 16 हजार से अधिक है। इसके पहले भी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई हुई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप