बिहार: गंदे पानी से होगी सिंचाई, शहर के कचरे से बनेगी बिजली
राजधानी पटना में स्टार्म वाटर को सिंचाई के काम में लाया जायेगा। कचरे से बिजली और खाद बनाई जायेगी। शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए वाटर टावर का निर्माण किया जायेगा।
पटना [जेएनएन]। राजधानी पटना के स्टॉर्म वाटर से सिंचाई होगी। गंदे पानी को गंगा में नहीं बहाया जाएगा। इसे नहर के माध्यम से सिंचाई कार्यों में उपयोग किया जाएगा। इसके लिए विभाग में स्टॉर्म वाटर टेक्निकल सेल का गठन किया जाएगा। साथ ही कचरे से बिजली उतपन्न की जायेगी। इससे किसानों की समस्याएं दूर होंगी। ये बातें बुधवार को नगर विकास सह आवास मंत्री सुरेश शर्मा ने कहीं।
सुरेश शर्मा बिहार राज्य जल पर्षद की ओर से वार्ड 17 में बेउर मोड़ से मीठापुर बस स्टैंड स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज कार्य का शिलान्यास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नगर विकास पटना को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए प्रयासरत है। राजधानी में लोगों तक शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए वाटर टावर का निर्माण किया जायेगा। यह लंबी अवधि की परियोजना है। इसके लिए विभाग की ओर से कवायद की जा रही है। शहर के कचरे से बिजली और खाद बनाई जाएगी। श्मशान की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
इस मौेके पर पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार में डबल इंजन की सरकार है। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में तेजी से गांव के साथ शहर का विकास हो रहा है। नमामि गंगे कार्यक्रम में तहत एसटीपी का कार्य चल रहा है। जमीन पर विकास कार्य दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग पटना-गया लाइन सड़क का चौड़ीकरण करेगा। इसके लिए विभाग एक सप्ताह में स्वीकृति देगा।
हाईकोर्ट में केस के कारण मीठापुर पुल की एक आर्म नीचे नहीं उतर पा रहरी है। जल्द ही पहल कर केस को जीतकर यहां आरओबी की एक आर्म गिरेगी। मीठापुर से महुली तक फ्लाइओवर बनाने की योजना है। इस पर सरकार तेजी से कार्य कर रही है। पूरे बिहार में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।
मेयर सीता साहू ने कहा कि ड्रेनेज के निर्माण से दक्षिणी पटना को लाभ मिलेगा। बीआरजेपी एमडी एक महीने के भीतर जीरो प्वाइंट संप का उद्घाटन करें। कार्यक्रम को विधायक अरुण कुमार सिन्हा, नितिन नवीन, संजीव चौरसिया, नगर विकास सह आवास विभाग प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, बीआरजेपी एमडी राजेश मीणा ने भी संबोधित किया।