CM नीतीश का लगातार दूसरी बार JDU राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय, 13 अक्टूबर को होगा चुनाव
जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 13 अक्टूबर को होगा। इसके चार अक्टूबर तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी। अध्यक्ष के चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा।
पटना [राज्य ब्यूरो]। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में संगठन चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगले महीने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी संपन्न हो जाएगा। यह तय माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दूसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यकाल 13 अक्टूबर से आरंभ करेंगे।
चुनाव की प्रक्रिया आरंभ
जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव आफाक आलम के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को ले प्रक्रिया आरंभ हो गई है। चार अक्टूबर तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। पांच अक्टूबर को नामांकन पत्र की जांच होगी और छह अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। अगर जरूरी हुआ तो 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। उसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
चुनाव बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण का कार्यक्रम आरंभ होगा। इस बार पार्टी ने तय किया है कि युवा कार्यकर्ताओं की टीम को पटना में प्रशिक्षण देकर उनके माध्यम से जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण में आगामी विधानसभा चुनाव को केंद्र में तो रखा ही जाएगा, साथ-साथ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक अभियान के बारे में भी जेडीयू अपने कार्यकर्ताओं को जागरूक करेगा। इसके बाद विधानसभा स्तर पर विमर्श का भी आयोजन किया जाएगा।