बिहार समेत राजद के सभी प्रदेश अध्यक्षों का होगा चुनाव, पार्टी को मिलेंगे 50 नए जिलाध्यक्ष
जिला स्तर की इकाइयों का निर्वाचन 16 सितंबर एवं प्रदेश अध्यक्षों का निर्वाचन 20 सितंबर तक करा लिया जाएगा। पटना जिलाध्यक्ष का चुनाव दरोगा राय पथ के रामलखन सिंह सभागार में तो पटना महानगर अध्यक्ष का चुनाव स्नातक भवन आर ब्लाक में होगा।
जागरण टीम, पटना : राजद के जिला एवं प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला स्तर की इकाइयों का निर्वाचन 16 सितंबर एवं प्रदेश अध्यक्षों का निर्वाचन 20 सितंबर तक करा लिया जाएगा। पटना जिलाध्यक्ष का चुनाव दरोगा राय पथ के रामलखन सिंह सभागार में तो पटना महानगर अध्यक्ष का चुनाव स्नातक भवन आर ब्लाक में होगा। राजद के राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी उदय नारायण चौधरी ने सभी राज्य इकाइयों के प्रदेश अध्यक्षों, राज्य कार्यकारिणी एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए कार्यक्रम को अधिसूचित कर दिया है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने बताया कि चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गई है। नया संगठन नए जोश के साथ केंद्र की मोदी सरकार को हटाने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रदेश राजद के सहायक निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि हर प्रखंड के 20-20 डेलिगेट जिलाध्यक्ष का चयन करेंगे। उसी दिन परिणाम भी घोषित हो जाएगा।
राजद के सहायक राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन ने बताया कि 16 सितंबर को जिला स्तर तक सभी इकाइयों का चुनाव करा लिया जाएगा। इसके बाद 17 सितंबर को सभी राज्यों के राज्य कार्यालयों में राज्य परिषद के सदस्यों की सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। गगन ने बताया कि 18 सितंबर को सदस्यता संबंधी आपत्ति प्राप्त की जाएगी। उसी दिन उसका निराकरण कर राज्य परिषद के सदस्यों की सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। 19 सितंबर को सुबह दस बजे से अपराह्न दो बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। उसी दिन नामांकन पत्र की जांच कर वैध पाए गए उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। 20 सितंबर को सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उसी दिन अपराह्न दो बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
21 सितंबर 2022 को राजद के नवनिर्वाचित राज्य परिषद की बैठक राज्य निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में होगी और यदि आवश्यकता हुई तो प्रदेश अध्यक्ष, राज्य कार्यकारिणी एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए अपराह्न तीन बजे तक मतदान कार्य होंगे और उसके बाद पांच बजे तक मतगणना होगी। परिणाम की घोषणा भी उसी दिन कर दी जाएगी।