एकलव्य एकेडमी ने भोजपुर को हराया
गर्वमेंट फिजीकल कॉलेज राजेन्द्रनगर परिसर में बुधवार से द्वितीय पटना जिला अंतर स्कूल (बालक-बालिका) हैंडबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई।
पटना। गर्वमेंट फिजीकल कॉलेज राजेन्द्रनगर परिसर में बुधवार से द्वितीय पटना जिला अंतर स्कूल (बालक-बालिका) हैंडबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। इस अवसर पर खेले गए एकलव्य हैंडबॉल एकेडमी शेरपुर और भोजपुर जिला टीम के बीच प्रदर्शनी मैच खेला गया, जिसमें एकलव्य ने भोजपुर को 22-15 से हराया। मैच के दौरान प्रतिभागी स्कूलों को नियमों की जानकारी दी गई। गुरुवार से सुबह सात से 10 बजे और अपराह्नं तीन से छह बजे तक मैच खेले जाएंगे। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव आशीष कुमार सिन्हा, बिहार प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी ने किया। दोनों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर प्रतिभागी टीमें अपने-अपने बैनर के साथ उपस्थित थीं। समारोह में सभी का स्वागत बिहार हैंडबॉल संघ के सचिव ब्रज किशोर शर्मा ने किया। मौके पर राज्य खेल प्राधिकरण के क्रीड़ा कार्यपालक संजीव कुमार सिंह, हैंडबॉल संघ के कोषाध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद सिंह, जिला खेल पदाधिकारी संजय कुमार, सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव धर्मवीर कुमार, बेसबॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रूपक कुमार, श्री राम सेंटिनियल स्कूल की खेल शिक्षिका श्वेता कुमारी मौजूद थे।