Bihar Coronavirus Update: मरीजों का आंकड़ा नौ हजार पार, मंत्री व पत्नी भी मिले पॉजिटिव
Bihar Coronavirus News बिहार में मंत्री विनोद सिंह व पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं रविवार को 245 नए मरीज मिले। मरीजों की संख्या 9224 हो गई है।
पटना, जेएनएन। Bihar Coronavirus News: बिहार में रविवार को 2400 सैंपल की जांच में 245 नए पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें बीजेपी नेता व बिहार सरकार में मंत्री विनोद कुमार सिंह व उनकी पत्नी भी शामिल हैं। इसकी पुष्टि कटिहार के डीएम कंवल तनुज ने की है। कुल संक्रमितों में 7156 स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि, 62 की मौत हो चुकी है। आंकड़ों की बात करें तो राज्य में फिलहाल 2006 एक्टिव मामले हैं।
रविवार को मिले 245 नए मरीज
बिहार में रविवार को 245 नए मरीज मिले। इसके साथ कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या नौ हजार को पार करते हुए 9224 पर पहुंच गई है। दरअसल, बिहार में कोरोना संक्रमितों की रफ्तार में कमी नहीं है। हालांकि, राहत की बात यह है कि ठीक होने वालों की रफ्तार अधिक तेज है।
हाजीपुर का सदर थाना सील
इधर, बिहार के हाजीपुर सदर थाना में तैनात आठ सिपाही की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद पूरे थाने को सील कर दिया गया है। हाजीपुर सदर अस्पताल परिसर में स्थापित ट्रू नेट मशीन में जांच के बाद तो पुलिस महकमे में सनसनी मच गई। एक साथ आठ सिपाही कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके 24 घंटे पहले दो इंस्पेक्टर भी संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद ही सदर थाने को सील करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद पूरे थाने को सैनिटाइज किया गया।
सुरक्षा किट में बोगियों में ड्यूटी करेंगे आरपीएफ
उधर, दानापुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर रखे गए कोविड केयर बोगियों में शीघ्र ही संक्रमितों को रखा जा सकता है। इसके लिए दानापुर आरपीएफ के वरीय कमांडेंट संतोष कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। पटना जंक्शन पर भी ऐसी 20 बोगियां रखी गई हैं। प्लेटफॉर्म संख्या छह और सात पर निरीक्षण के दौरान कमांडेंट ने बताया कि इन बोगियों में ड्यूटी करने वाले जवान पूरी तरह सुरक्षा किट में रहेंगे। ड्यूटी के घंटों में भी कमी करनी होगी। जवानों को फेस मास्क, सैनिटाइजर, फेस कवर, पीपीई किट उपलब्ध कराए जाएंगे।