राजधानी में आंधी के साथ पानी, आज दोपहर तक साफ होगा आकाश
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान फणि के कारण शुक्रवार को राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में बारिश हुई।
पटना । बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'फणि' के कारण शुक्रवार को राजधानी समेत राज्य के विभिन्न जिलों में आंधी चलने के साथ रिमझिम फुहारें पड़ीं। शनिवार दोपहर तक तूफान का असर राजधानी समेत मध्य बिहार के जिलों पर रहेगा। शाम तक असर खत्म हो जाने की उम्मीद है। वहीं राज्य के पूर्वी भाग में तूफान का असर शनिवार दिनभर रह सकता है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान के शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी के उड़ीसा तट से टकराने से बिहार समेत उड़ीसा, बंगाल एवं झारखंड पर व्यापक प्रभाव पड़ा है। इसके कारण ही राजधानी के आकाश में बादल छाए हुए हैं।
तूफान के कारण दिन में धूलभरी आंधी चली। शाम को रिमझिम बारिश हुई। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.2 एवं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में आर्द्रता 86 फीसद रिकॉर्ड की गई।
: दिनभर बदलता रहा राजधानी का मौसम :
तूफान के असर के कारण ही राजधानी का मौसम दिनभर बदलता रहा। सुबह में धूप निकली लेकिन थोड़ी ही देर में आकाश में बादल छा गए। इसके बाद भी वातावरण में गर्मी बनी रही। दोपहर के बाद मौसम ने करवट बदली ओर तेज आंधी शुरू हो गई। लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया। आंधी के बाद शाम पांच बजे के करीब राजधानी में हल्की बारिश शुरू हो गई। यह देर रात तक जारी रही।
: बारिश ने दी लोगों को राहत :
भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बारिश के बाद बड़ी राहत मिली। लोग घरों में बैठकर बारिश का आनंद लेते रहे। शनिवार को भी राजधानी का मौसम ठंडा रहने की उम्मीद है। अब सोमवार से एक बार फिर राजधानी में गर्मी बढ़ने की उम्मीद है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप