सासाराम (रोहतास), जागरण संवाददाता। ED Raid in Rohtas: झारखंड की निलंबित आइएएस अधिकारी पूजा सिंघल के करीबी सासाराम नगर थाना क्षेत्र के फजल गंज मोहल्ला के बैंक कॉलोनी निवासी प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ छोटू के आवास पर ईडी की टीम बुधवार की देर शाम छापेमारी करने पहुंची। हालांकि सासाराम स्थित आवास पर ताला बंद रहने के कारण आसपास के लोगों से ईडी की टीम को वापस लौटना पड़ा। आसपास के लोगों से करीब 20 मिनट तक पूछताछ के बाद टीम लौट गई।
आसपास के लोगों से ली प्रेम प्रकाश के बारे में जानकारी
बैंक कॉलोनी के कुछ लोगों ने बताया कि झारखंड नंबर की गाड़ी से कुछ लोग यहां पहुंचे थे। मकान में ताला बंद होने की वजह से वह अगल-बगल के लोगों से प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ छोटू के बारे में जानकारी ली। तथा उनके परिचितों के बारे में भी पूछताछ की। वाहन से आए लोगों ने अपने को ईडी टीम का सदस्य बताया। पुलिस के वरीय अधिकारी इस बारे में कुछ भी बताने से फिलहाल परहेज बरत रहे हैं।
स्थानीय पुलिस को नहीं है जानकारी
एसपी आशीष भारती ने बताया कि उन्हें छापेमारी के बारे में कोई जानकारी नहीं है न ही ईडी की टीम उनसे अभी तक संपर्क की है। आसपास के लोगों ने बताया कि प्रेम प्रकाश का मकान अक्सर बंद रहता है। वह कभी-कभी ही यहां आते हैं। प्रेम प्रकाश लगभग तीन दशक से पहले पटना और बाद में झारखंड के रांची में परिवार सहित रहते हैं। दशहरा और होली के मौके पर ही यहां आते है। गत बिहार विधानसभा चुनाव में उसकी सक्रियता दिखी थी तथा झारखंड के कुछ बड़े नेता भी आए थे। दो वर्ष पूर्व रेलवे कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए भी टेंडर लिया था, लेकिन निर्धारित शर्त पूरा नही करने के कारण टेंडर रद हो गया था। स्थानीय लोग उनके बारे में इससे ज्यादा कुछ नहीं जानते हैं।
a