चेन्नई के बाढ़ पीडि़तों को अपना पहला वेतन देंगे डिप्टी सीएम तेजस्वी
चेन्नई में भारी बारिश और बाढ़ की विभीषिका से आहत बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपने पहले महीने का वेतन वहां के बाढ़ पीडि़तों की सहायता के लिए देने का एलान किया है। तेजस्वी ने ट्विट करके कहा है कि यह फैसला उन्होंने मानवीय आधार पर किया है।
पटना। चेन्नई में भारी बारिश और बाढ़ की विभीषिका से आहत बिहार के उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपने पहले महीने का वेतन वहां के बाढ़ पीडि़तों की सहायता के लिए देने का एलान किया है। तेजस्वी ने बुधवार को ट्विट करके कहा है कि यह फैसला उन्होंने मानवीय आधार पर किया है। चेन्नई में बारिश से भारी तबाही हुई है।
इसके पहले विधानसभा सत्र के बाद पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने केंद्र सरकार को अपना नजरिया बदलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार किसी की भी हो, लेकिन उसकी सजा गरीब को नहीं मिलनी चाहिए। विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि बिहार को वह हर संभव मदद करेंगे।
तेजस्वी ने कहा, अब बिहार में आम जनता की चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार बनी है। प्रधानमंत्री को अपना वादा निभाना चाहिए। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोग का भाव होना चाहिए।
राज्य सरकारों के साथ केंद्र के व्यवहार की आलोचना करते हुए तेजस्वी ने कहा कि दिल्ली पुलिस का कंट्रोल केंद्र सरकार के हाथ में है। फिर भी वहां अपराध बढ़ रहे हैं। कुछ दिन पहले 22 करोड़ की लूट हुई। महिलाओं के साथ गैंग रेप हो रहा है।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार की तुलना में दूसरे भाजपा शासित राज्यों में अपराध ज्यादा है। बिहार का रिकार्ड देखिए और महाराष्ट्र, गुजरात एवं मध्यप्रदेश जैसे राज्यों का भी आपराधिक रिकार्ड देख लीजिए। यह अंतर साफ नजर आएगा। बिहार में नीतीश कुमार की सरकार ने कानून व्यवस्था में बहुत सुधार किया है। नीतीश कुमार को विपक्ष भी विकास पुरुष के रूप में मानता है।
उन्होंने कहा, प्रदेश में सरकार के गठन होते ही काम में तेजी आई है। दवा दुकानों पर छापे मारे जा रहे हैं। सड़कें चौड़ी की जा रही हैं। भाजपा और केंद्र सरकार को भी चाहिए कि वह बिहार के प्रति अपना नजरिया बदले।