विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गापूजा-दीपावली-छठ पर रेल यात्रियों को राहत, चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े; नवंबर तक मिलेगी सुविधा

Published: Mon, 28 Sep 2026 08:02 PM (IST)

पूर्व मध्य रेल ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए चार जोड़ी स्पेशल ...और पढ़ें

पटना-इसलामपुर स्पेशल के 26 फेरे बढ़े

पटना-इसलामपुर स्पेशल के 26 फेरे बढ़े

HighLights

  1. पूर्व मध्य रेल ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई।

  2. दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के लिए अतिरिक्त सुविधा।

  3. पटना, देवघर, पूर्णिया सहित कई शहरों को लाभ मिलेगा।

जागरण संवाददाता, पटना। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है। इससे पटना, पूर्णिया, देवघर, रक्सौल, नरकटियागंज और इसलामपुर समेत कई शहरों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, विस्तारित अवधि में इन ट्रेनों का परिचालन पहले से निर्धारित मार्ग, ठहराव, समय-सारणी और कोच संयोजन के अनुसार ही किया जाएगा। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

पटना-इसलामपुर स्पेशल के 26 फेरे बढ़े

03297/03298 पटना-इसलामपुर-पटना स्पेशल के परिचालन में 26 फेरे का विस्तार किया गया है। 03297 पटना-इसलामपुर स्पेशल एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी।

वापसी में 03298 इसलामपुर-पटना स्पेशल दो अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और सोमवार को संचालित होगी। यह ट्रेन फतुहा के रास्ते चलेगी।

राघोपुर-देवघर स्पेशल अब रोज चलेगी

05573/05574 राघोपुर-देवघर-राघोपुर स्पेशल के परिचालन में 61 फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन राघोपुर और देवघर के बीच चलेगी।

ट्रेन का मार्ग सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, सबदलपुर, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका रहेगा। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को पर्व के दौरान अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल के 32 फेरे बढ़े

03216/03215 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल के परिचालन में 32 फेरे का विस्तार किया गया है। 03216 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 18 अक्टूबर से 30 नवंबर तक बुधवार और शनिवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी।

वापसी में 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल 19 अक्टूबर से एक दिसंबर तक गुरुवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी। ट्रेन हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, मानसी, सहरसा, दौरम मधेपुरा और बनमनखी के रास्ते चलेगी।

रक्सौल-नरकटियागंज के 18 फेरे बढ़े

05543/05544 रक्सौल-नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल के परिचालन में भी 18 फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन एक अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को रक्सौल और नरकटियागंज के बीच चलेगी।

इस ट्रेन का परिचालन सिकटा के रास्ते किया जाएगा। रेलवे के इस फैसले से दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान अलग-अलग शहरों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों का विकल्प मिलेगा।