राजधानी में टूटा 36 वर्षों का रिकॉर्ड, उमस भरी गर्मी से बेहाल बिहार
पटना में गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल है। जुलाई महीने में गर्मी ने अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
पटना [जेएनएन]। पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जिसकी वजह से दिनभर लोग तपिश से परेशान रहे। रात में भी उमस और गर्मी बनी रही। वहीं, शनिवार की सुबह भी मौसम में कोई खास बदलाव नजर नहीं आ रहा है। सुबह से ही गर्मी और उमस बरकरार है।
जुलाई के महीने में शहर में अधिकतम तापमान का 36 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के रिकॉर्ड के अनुसार छह जुलाई, 1982 को पटना में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
शनिवार की सुबह हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है, जिससे बारिश की संभावना दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज बिहार के कई इलाकों में बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
पिछले 10 सालों में जुलाई में पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहा है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गया, भागलपुर और पूर्णिया में शुक्रवार का अधिकतम तापमान क्रमश: 39.7, 40.6 और 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण-पश्चिमी बिहार में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ राज्य के बाकी हिस्सों में शुक्र वार को मौसम शुष्क रहा। वहीं, कैमूर जिले के कुदरा में तीन सेंटीमीटर, मोहनिया में एक सेंटीमीटर और रोहतास जिले के चेनारी में एक सेंटीमीटर, भागलपुर में 15.4 मिलीमीटर और पूर्णिया में 21.2 मिलीमीटर बारिश हुई।