बिहार: शराब के नशे में ही मधुबनी कोर्ट पहुंच गया गवाह, जज के सामने ही करने लगा हंगामा
मधुबनी जिले में कोर्ट में जज के सामने नशे की हालत में ही गवाही देने के लिए गवाह पहुंच गया। जानकारी होते ही पुलिस ने गवाह को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
मधुबनी, जेएनएन। बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद न तो पुलिस वाले मान रहे हैं और न ही आम पब्लिक। डेली कहीं न कहीं शराब की बड़ी खेप पकड़ा रही है। पटना हाई कोर्ट की चेतावनी के बाद भी इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। यहां तक पुलिस वाले भी इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। नालंदा में गुरुवार को चार पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन शुक्रवार को तो बड़ा ही हास्यास्पद मामला सामने आ गया। मधुबनी जिले में कोर्ट में जज के सामने नशे की हालत में ही गवाही देने के लिए गवाह पहुंच गया। जानकारी होते ही पुलिस ने गवाह को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
जानकारी के अनुसार, व्यवहार न्यायालय स्थित एडीजे-अष्टम के कोर्ट में शुक्रवार को नगर थाना क्षेत्र के भच्छी गांव निवासी राम चरित्र राय शराब के नशे में गवाही देने पहुंच गया। गवाही देने के दौरान हल्ला-हंगामा करने लगा। उसकी अजीबोगरीब हरकत देखकर शक हुआ तो नगर थाने को सूचना दी गई।
इसके बाद पुलिस इंस्पेक्टर सह नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय के नेतृत्व में कई पुलिस पदाधिकारी पहुंचे। नशे में गवाही देने वाले को कब्जे में ले लिया। ब्रेथ एनलाइजर से जांच की गई तो अल्कोहल सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि नालंदा के हरनौत थाने में गुरुवार को एसपी ने पूरे थाने को ही सील कर दिया था। उन्हें जानकारी मिली थी कि पुलिसकर्मी ही शराब को बेचते हैं। छापेमारी में बातें सही साबित हुई और दो सिपाही और दो हवलदार को एसपी ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके साथ पुलिस वाहन का निजी ड्राइवर भी पकड़ा गया।