खुसरूपुर में चालक को बंधक बना ट्रैक्टर लूटा
थाना क्षेत्र के बड़ा हसनपुर के समीप शुक्रवार की रात 10 बजे बोलेरो सवार अपराधियों ने चालक को बंधक बनाकर ट्रैक्टर लूट लिया।
खुसरूपुर। थाना क्षेत्र के बड़ा हसनपुर के समीप शुक्रवार की रात 10 बजे बोलेरो सवार अपराधियों ने एक ट्रैक्टर चालक को बंधक बना लिया। ट्रैक्टर लूटकर अपराधी भाग निकले। इस दौरान चालक का मोबाइल और 15 हजार रुपये भी लूट लिया। पीड़ित शिव महादेव ने शनिवार को थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई।
बड़ा हसनपुर निवासी शिव महादेव ने बताया कि वह ट्रैक्टर से बिहारशरीफ के खेतों में भाड़े पर जुताई करता था। शुक्रवार को वह काम कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बड़ा हसनपुर पुल के पास बख्तियारपुर की ओर से आ रही बोलेरो ने उसे रुकवा दिया। सवार पांच अपराधियों में तीन ने उतर गए। पिस्तौल के बल पर उसे बंधक बना लिया। आंख पर पट्टी बांध दिया। ट्रैक्टर लेकर फोरलेन से नीचे चले गए। किसी का फोन आने पर उसे छोड़कर फोरलेन पर लगी किसी गाड़ी से निकल गए। थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं। ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।