ड्राइवर को बंधक बना इधर-उधर घुमाया फिर पिस्तौल और चाकू दिखा लूट ली प्याज लदी पिकअप वैन Patna News
पटना में राजेंद्र पुल पर बदमाशों ने प्याज लदी पिकअप वैन लूट ली। राजधानी में प्याज लूट की घटना पहले भी हो चुकी है।
पटना, जेएनएन। प्याज पर महंगाई की एेसी मार पड़ी है कि इसे लेकर चलना भी खतरे से खाली नहीं हैं। ताजा मामले इसी बात की तस्दीक करा रहे हैं। पटना में प्याज लूट की एक और वारदात सामने आई है। रविवार की रात प्याज से लदी पिकअप वैन को दो बदमाशों ने लूट लिया।
लुटेरों के चंगुल से निकलने के बाद दी पुलिस को सूचना
प्याज लूट की ये घटना राजेंद्र पुल पर हुई। लुटेरों की चंगुल से निकलने के बाद वैन का चालक हथीदह थाने में पहुंचा, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल बेगूसराय जिले में होने की बात कहकर लौट दिया। हथीदह थानाध्यक्ष रवि रंजन सिंह ने बताया कि राजेंद्र पुल दो जिलों की सीमा पर है। लूट बेगूसराय के चकिया थानांतर्गत की बताई गई।
खाना खाने के दौरान होटल में मिले दो लोग
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर के दलसिंहसराय से एक पिकअप वैन प्याज लादकर जमुई जा रही थी। गाड़ी खोलने के बाद चालक ने एक होटल में खाना खाया। वहां उसे दो युवक मिले। उन्होंने रुपयों का प्रलोभन दिया और हथीदह छोडऩे की बात कही। लालच में आकर चालक ने उन्हें वैन की अगली सीट पर बिठा लिया। सिमरिया से आगे बढ़ते ही बदमाशों ने पिस्तौल निकाल ली। उनके पास चाकू भी था। हथियार के बल पर उन्होंने चालक को वैन रोकने के लिए कहा।
गाड़ी रोकते ही चालक को दिया धक्का
गाड़ी रुकते ही उन्होंने चालक को धक्का दे दिया और वैन लेकर फरार हो गए। हालांकि, हथीदह पुलिस ने उसकी कहानी पर यकीन नहीं किया। पुलिस का कहना है कि चालक की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही थी। वह कभी प्याज पटना तो कभी जमुई लेकर जाने की बात कह रहा था। उसने घटनास्थल हथीदह के औंटा ओवरब्रिज पर बताया था, लेकिन छानबीन में बेगूसराय के चकिया का पता चला।