Move to Jagran APP

Bihar Congress President : अखिलेश सिंह की प्रदेश अध्यक्ष पद पर ताजपोशी 11 को, आनंद शर्मा और मीरा कुमार आएंगे

बिहार में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अखिलेश सिंह 11 दिसंबर को पटना आएंगे। इस दौरान पार्टी की ओर से भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें कांग्रेस के कई राष्ट्रीय व प्रादेशिक दिग्गज नेता सहित राज्यभर के कांग्रेस कार्यकर्ता जुटेंगे।

By Raman ShuklaEdited By: Yogesh SahuPublished: Fri, 09 Dec 2022 08:24 PM (IST)Updated: Fri, 09 Dec 2022 08:24 PM (IST)
Bihar Congress President : अखिलेश सिंह की प्रदेश अध्यक्ष पद पर ताजपोशी 11 को, आनंद शर्मा और मीरा कुमार आएंगे
बिहार कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अखिलेश सिंह।

पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार में कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अखिलेश सिंह 11 दिसंबर को पटना आएंगे। इस दौरान पार्टी की ओर से भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में कांग्रेस के कई राष्ट्रीय व प्रादेशिक दिग्गज नेता सहित राज्यभर के कांग्रेस जन एवं शुभेच्छु स्वागत में जुटेंगे।

loksabha election banner

कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि 11 को अखिलेश बिहार प्रभारी भक्त चरण दास, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के साथ पटना एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहां से शेखपुरा मोर होते हुए जवाहरलाल नेहरू पथ पर नेहरू पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

इसके बाद हड़ताली चौक, हाईकोर्ट मोड़, इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए डाक बंगला चौराहे के रास्ते गांधी मैदान बापू सभागार पहुंचेंगे। बापू सभागार में 11.30 बजे से स्वागत समारोह आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा, विधायक दल के नेता अजित शर्मा , राज्य सरकार में कांग्रेस के मंत्री अफाक आलम और मुरारी गौतम के अलावा पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार और पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर अखिलेश कार्यभार ग्रहण करेंगे।

मनोज कुशवाहा के अहंकार ने कुढ़नी में जदयू को हराया : पप्पू यादव

गुजरात, हिमाचल और कुढ़नी चुनाव के नतीजों के बाद जनअधिकार पार्टी (जाप) के सुप्रीमो पप्पू यादव ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कह रहे हैं कि नरेंद्र मोदी के नाम पर गुजरात में चुनाव जीते, तो मोदी ने 22 बार हिमाचल का दौरा किया फिर क्यों शिकस्त झेलनी पड़ी।

कुढ़नी उपचुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि कुढ़नी में चुनाव जदयू और महागठबंधन नहीं हारा, वहां मनोज कुशवाहा की हार हुई है। उनके अहंकार ने उन्हें हराया। उनके व्यवहार के कारण कई बड़े नेता उनके साथ खड़े नहीं हुए। जदयू और महागठबंधन को आत्ममंथन और आत्मचिंतन करने की जरूरत है।

उनकी रणनीति में बदलाव की जरूरत है। पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार भाजपा के किसी भी नेता से बड़े नेता हैं। उनकी छवि नरेंद्र मोदी से कई गुना ज्यादा अच्छी है। भाजपा भले गुजरात में चुनाव जीत ले पर बिहार में उसकी दाल नहीं गलने वाली है। मौके पर जाप प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र कुशवाहा मौजूद थे।

सोनिया के जन्म दिन पर बच्चों में बांटी मिठाई

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को सदाकत आश्रम में केक काटकर यूपीए की चेयरपर्सन और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की जन्म दिवस मनाया। इस मौके पर एआईसीसी महासचिव व केरल के प्रभारी तारिक अनवर, बिहार कांग्रेस के विधान परिषद में नेता व निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. मदन मोहन झा सहित प्रमुख नेतागण ने केक काटने के उपरांत बच्चों में मिठाइयों और पाठ्य सामग्री का वितरण किया। तारिक अनवर ने कहा कि भारतीय राजनीति में शुचिता और त्याग की प्रतीक सोनिया गांधी ने देश में राजनीतिक जीवन को एक आदर्श प्रदान किया है। सभी ने सोनिया के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.