शादी के डेढ़ साल बाद दहेज में कैश न मिलने पर विवाहिता को जमकर पीटा, फिर घर से निकाला Gopalganj News
गोपालगंज में शादी के लिए मांगे गए पैसों को न देने की वजह से विवाहिता को ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया।
गोपालगंज, जेएनएन। दहेज में नकदी की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के डेढ़ साल बाद बहू को उसके ससुराल के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। घटना को लेकर पीड़ित महिला के पिता के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता के पिता ने लड़की के पति, उसके ससुर और सास के खिलाफ मामला दर्ज कराय है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार भोरे थाना क्षेत्र के तिवारी चकिया गांव के तारकेश्वर तिवारी उर्फ टुनटुन तिवारी की पुत्री विभा कुमारी की शादी फरवरी 2018 में विजयीपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के आदित्य कुमार तिवारी के साथ हुई। शादी के बाद ससुराल जाने पर विभा कुमारी को कुछ दिनों तक ससुराल के लोगों ने ठीक से रखा। बाद में दहेज में नकदी की मांग के लिए विभा कुमारी को उसके पति, ससुर व सास प्रताड़ित करने लगे। कुछ समय तक वह ससुराल के लोगों की प्रताडऩा को झेलती रही।
पिता के साथ भी की मारपीट
इसके बाद भी ससुराल के लोगों की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल के लोगों ने मारपीट कर विभा कुमारी को घर से निकाल दिया। घटना की जानकारी होने के बाद जब तारकेश्वर तिवारी अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी ससुराल के लोगों ने मारपीट की। इस संबंध में तारकेश्वर तिवारी ने थाने में दर्ज प्राथमिकी में अपने दामाद आदित्य कुमार तिवारी, समधी अक्षयवर नाथ तिवारी तथा समधन को नामजद आरोपित बनाया है।
शादी के बाद से किया जा रहा था बेटी को प्रताड़ित
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। लड़की के पिता तारकेश्वर तिवारी ने बताया कि शादी के बाद से ही बेटी को परेशान किया जा रहा था। दहेज को लेकर ससुराह वाले प्रताड़ित कर रहे थे। इसमें पति के साथ सास-ससुर भी शामिल थे। बेटी ने कई बार मारपीट होने की बात कही थी।