Patna News: अब मिनटों में होगा कारगिल चौक से एनआईटी का सफर, डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण भी पूरा
पटना में गांधी मैदान से एनआईटी के बीच अशोक राजपथ पर डबल डेकर फ्लाईओवर शुरू हो गया है। इससे शहरवासियों को तीन लेयर में यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। बीएन कॉलेज पीएमसीएच जैसे स्थानों के पास सर्विस लेन चौड़ी की गई है। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से जेपी गंगा पथ से गाय घाट का रास्ता भी सुगम हो गया है।

जितेंद्र कुमार, पटना। गांधी मैदान से एनआईटी के बीच अशोक राजपथ पर बुधवार से तीन लेयर में शहर के लोग सुखद यात्रा की अनुभूति कर सकेंगे। सतह पर 5.50 मीटर की समानांतर दो सर्विस लेन, प्रथम तल फ्लाईओवर से कृष्णा घाट से बीएन कॉलेज की ओर आगमन और दूसरे तल से कारगिल चौक से एनआईटी की ओर प्रस्थान की सुविधा मिलेगी।
प्रदेश की राजधानी में अशोक राजपथ पर पहला डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण निर्धारित समय से मात्र आठ माह विलंब से तैयार हो गया है। इस परियोजना के लिए बीएन कॉलेज, संत मेरी चर्च, पीरबहोर थाना, पीएमसीएच और पटना विश्वविद्यालय की बाउंड्री तोड़कर लोकहित में सर्विस लेन चौड़ी की गई है।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने 422 करोड़ से अधिक की लागत से इस डबल डेकर फ्लाई ओवर का निर्माण घनी आबादी के बीच कराया है। 36 माह में निर्माण का लक्ष्य 44 माह में पूरा हो सका है। मु़ख्यमंत्री ने 4 सितंबर 2021 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था। 11 जून को लोकार्पण किया जाएगा। लोकार्पण के पूर्व राजधानी के पहला डबल डेकर फ्लाईओवर को रंगीन बत्ती से सजाया जा रहा है।
डबल डेकर फ्लाई ओवर चालू होने के बाद राज्य के किसी भी हिस्से में मरीजों के लिए चार वैकल्पिक रास्ते मिल सकेंगे। जेपी गंगा पथ से दीदारगंज और दीघा की ओर से आवागमन का रास्ता पहले ही मिल चुका था।
अब गांधी मैदान और पटना साहिब की ओर से सर्विस लेन और डबल डेकर फ्लाईओवर के दोनाें लेन सीधे पीएमसीएच के पार्किंग तक जा सकते हैं। पीएमसीएच में मल्टी लेबल पार्किंग से तीन अलग-अलग लेन अशोक राजपथ और डबल डेकर फ्लाईओवर से जुड़ेगा।
डबल डेकर पर यू-टर्न नहीं
डबल डेकर फ्लाईओवर पर चढ़ने के बाद कारगिल चौक और एनएनआईटी के बीच लेन बदलने का कोई विकल्प नहीं होगा। गांधी मैदान की ओर से सीधे एनआईटी और कृष्णा घाट से बीएन कॉलेज के पास उतरने की सुविधा होगी। सिविल कोर्ट, पीरबहोर, पटना मार्केट, गोविंद मित्रा रोड, मखनियां कुआं रोड, खजांची रोड व पटना कॉलेज सतह पर सर्विस लेन से आवागमन कर सकते हैं।
जेपी गंगा पथ से गाय घाट की राह सुगम
महेंद्रू, गोकलपुर , भिखना पहाड़ी, रमना रोड, एनआईटी, पटना विश्वविद्यालय और गुलबी घाट के आसपास के मोहल्ले के लोग कृष्णा घाट से जेपी गंगा पथ पकड़कर गाय घाट सीधे आवागमन कर सकते हैं।
एनआईटी से गाय घाट के बीच अशोक राजपथ पर जाम से राहत के लिए जेपी सेतु का विकल्प मिलेगा। सुलतानगंज और पत्थर की मस्जिद इलाके में अशोक राजपथ पर जाम से राहत मिलेगी।
हाईलाइटस
- शिलान्यास - 04 सितंबर 2021
- उद्घाटन - 11 जून 2025
- लागत खर्च -422 करोड़
- प्रथम तल की लंबाई - 1.50 किमी
- दूसरे तल की लंबाई - 2.20 किमी
- दोनों तल की चौड़ाई - 7.50 मीटर
- सतह से प्रथम तल रोड की ऊंचाई - 24.60 फीट
- सतह से दूसरे तल रोड की ऊंचाई - 47.80 फीट
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।