बिहार में हैवानियत बेलगाम, एक किशोरी व दो युवतियों से गंदा काम ...वीडियो वायरल
मंगलवार को बिहार में महिलाओं से हैवानियत उजागर होने का दिन था। अलग-जलग घटनाओं में एक किशोरी व दो युवतियों से गंदा काम किया गया। उनमें एक का वीडियो वायरल कर दिया गया।
पटना [जागरण टीम]। मंगलवार को बिहार में दुष्कर्म की घटनाओं के उजागर होने का दिन था। राजधानी पटना में गंगा स्नान करने गई एक युवती से दुष्कर्म का वीडियो वायरल कर दिया गया। उधर, रोहतास में एक किशोरी व एक युवती से भी दुष्कर्म किया गया। तीनों मामलों में एफआइआर मंगलवार को दर्ज की गई।
युवती से दुष्कर्म का वीडियो बनाया, किया वायरल
पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में गंगा स्नान करने गई महिला से दुष्कर्म और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने का सनसनीखेज मामला मंगलवार को सामने आया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपित शिवपूजन महतो को गिरफ्तार कर लिया। वह बस चालक है। वीडियो बनाने वाले युवक की भी पहचान कर ली गई है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पीडि़त महिला ने लोकलाज के कारण एफआइआर दर्ज नहीं कराई। पुलिस ने वीडियो पर स्वयं संज्ञान लेकर कार्रवाई की। ग्रामीण एसपी आनंद कुमार ने मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी की पुष्टि की।
मंगलवार को दुष्कर्म का वह वीडियो अचानक वाट्सएप ग्रुप पर भेजा जाने लगा। वीडियो थानाध्यक्ष अबरार अहमद को भी मिला। उन्होंने तुरंत खोजबीन शुरू कर दी तो मालूम हुआ कि महिला बाढ़ थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी। जानकारी मिली कि वीडियो में दुष्कर्म करता दिख रहा व्यक्ति बस चालक शिवपूजन है। पुलिस ने बस मालिक से संपर्क किया तो पता चला कि वह वाहन लेकर बिहारशरीफ गया है।
नालंदा पुलिस से संपर्क कर उसे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक वाहन बख्तियारपुर की तरफ बढ़ गया था। पुलिस ने बस का पीछा कर अथमलगोला थाना क्षेत्र में चालक को दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने पीडि़त महिला को थाने पर बुलाया, जिसने आरोपित की पहचान कर ली। पुलिसकर्मियों ने काउंसलिंग की, जिसके बाद वह शिकायत दर्ज कराने के लिए राजी हो गई। अबबुधवार को उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी।
किशोरी व युवती से दुष्कर्म
उधर, रोहतास के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर किशोरी व महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले सामने आए। पहली घटना रविवार रात की है, जहां रिश्ते के नाना व पड़ोसी कैलाश खरवार ने किशोरी को रोटी बनाने के लिए बुलाया और जब वह घर जाने लगी तो धारदार हथियार दिखा उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की घर पहुंची, तो परिजन सो रहे थे। सुबह घर वालों को आपबीती बताई, तब परिजन थाने पहुंचे। दुराचारी 60 वर्षीय कैलाश खरवार पीडि़त किशोरी की मां का मामा लगता है।
दूसरी घटना स्थानीय डुमरांव रोड में सोमवार को दिन में हुई। यहां तीन युवकों ने 30 वर्षीया विवाहिता के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया, फिर 50 हजार रुपये लेकर भाग निकले। पीडि़ता ने विनय सिंह, बंटी और अरविंद नामक युवकों के खिलाफ प्राथमिकी कराई है। थानाध्यक्ष प्रियरंजन ने बताया कि तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।