देवी के दर्शन को उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़
महासप्तमी को मां दुर्गा का पट लोगों के दर्शन के लिए खोल दिए गए।
पटना। महासप्तमी को मां दुर्गा का पट लोगों के दर्शन के लिए खोल दिए गए। मंगलवार सुबह से ही पट खोलने का सिलसिला शुरू हो गया। यह शाम तक जारी रहा। पट खुलने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी शहर के पंडालों में जाकर देवी की पूजा-अर्चना की।
राजधानी के डाक बंगला चौराहे पर पूर्वाह्न 10.30 बजे देवी का पट विधि-विधान से खोला गया। इसके बाद यहां दर्शकों की भीड़ बढ़ने लगी। शाम ढलते ही दर्शकों का तांता लग गया। कोतवाली मोड़ से लेकर डाक बंगला चौराहे तक शाम में खचाखच भीड़ थी। हर कोई मां दुर्गा की प्रतिमा की एक झलक पाने को आतुर था। कांच की चूडि़यों, कपड़े और शीशे से तैयार यह पंडाल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। डाक बंगला चौराहा इलाके की सजावट भी लोगो को मंत्रमुग्ध कर रही है। चौराहे से लेकर कोतवाली तक सात तोरण द्वार बनाए गए हैं। द्वारों की भव्य सजावट की गई है। रंग-बिरंगे बल्बों की सजावट से सड़कें जगमग हैं। तोरण द्वार पर बिजली के बल्बों से बनी भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसे देखने के लिए दर्शकों में उत्सुकता है। देर रात तक राजधानी के कोने-कोने से आए लोग देवी के दर्शन करते रहे।
डाक बंगला के बाद सर्वाधिक भीड़ बो¨रग रोड चौराहे पर दिखी। यहां आने वाले लोग श्रीकृष्णापुरी, बो¨रग कैनाल रोड स्थित पंचमुखी महावीर मंदिर के पास बने भव्य पंडाल में दर्शन कर रहे हैं। बो¨रग रोड के अलावा कदमकुआं स्थित डोमन भगत लेन में भी दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। यहां पर रातभर लोग देवी दर्शन को आते रहे। गोविंद मित्रा रोड में भी मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। मछुआ टोली एवं नाला रोड में भी विशाल पंडाल बनाकर मां दुर्गा की पूजा की जा रही है।