गंगा में आस्था की डुबकी लगा पटना के घाटों में भगवान सूर्य को श्रद्धालुओं ने दिया अर्घ्य
मकर संक्रांति पर पटना के घाटों पर श्रद्धालुओं का जुटान देखने को मिला। हर कोई आस्था के इस त्योहार में पुण्य कमाने को आतुर दिखा। शाम तक लोग गंगा के घाटों डुबकी लगाते रहे।
पटना, जेएनएन। इस बार मकर संक्रांति दो दिन मनाई जा रही है। पुण्य काल को ध्यान में रखते हुए कुछ लोग 15 जनवरी को स्नान करेंगे तो पौराणिक मान्याओं के अनुसार बहुत से लोगों ने सोमवार को ही आस्था की डुबकी लगाई। पटना के गंगा घाटों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिली।
हर किसी ने स्नान के बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। राजधानी के काली घाट, दीघा घाट, एलटीसी घाट, पहलवान घाट, कलेक्ट्रेट घाट पर श्रद्धालुओं का जुटान हुआ। मकर संक्रांति के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी प्रदेश के लोगों को बधाई दी।
प्रशासन की ओर से खास इंतजाम
मकर संक्रांति के मौके प्रशासन के पटना के गंगा घाटों पर खास इंतजाम देखने को मिले। बड़ी संख्या में पुलिस बल घाटों पर तैनात दिखा। स्थान के बाद घाटों पर लोगों ने दान-पुण्य भी किया। शुभ के लिए लोग तिल का दान भी करते रहे। इधर, घरों में भी संक्रांति को लेकर खास इंतजाम किए गए थे।