कोविड-19 टीकाकरण की सफलतापूर्वक शुरुआत पर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दी बधाई
उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा लोगों को घबराने की जरूरत नहीं सरकार तैयार और तत्पर है। उन्होंने देश के सबसे बड़े सफल टीकाकरण अभियान के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद दिया कहा कि कोविड-19 टीका को तैयार करने में लगे वैज्ञानिकों की मेहनत के आगे दुनिया नतमस्तक है।
पटना, राज्य ब्यूरो । उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने कोविड-19 टीकाकरण के प्रथम चरण की सफलतापूर्वक शुरुआत पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने देश के सबसे बड़ा सफल अभियान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोविड-19 टीका को तैयार करने में लगे वैज्ञानिकों की मेहनत के आगे दुनिया नतमस्तक है।
भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति की बदौलत भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान की सफलतापूर्वक शुरुआत की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महाअभियान पर खुद नजर रखे हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। राज्य स्तर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के कुशल मार्गदर्शन में इस अभियान की सफलतापूर्वक शुरुआत की हुई है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव एवं विभागीय स्तर के पदाधिकारी, चिकित्सक एवं पारा मेडिकल स्टाफ की विगत महीनों से चल रही तैयारियों एवं बेहतर प्रशिक्षण की बदौलत आज यह अभियान सफलतापूर्वक शुरू हुआ है।
301 स्थानों पर एक साथ चला टीकाकरण अभियान
प्रथम चरण के प्रथम दिन राज्य के मेडिकल कॉलेज सहित 301 स्थानों पर एक साथ टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर 18,122 लोगों को कोविड-19 टीका का प्रथम डोज दिया गया है। उन्होंने कहा कि 28 दिन बाद पुनः अनिवार्य रूप से दूसरा डोज दिया जाएगा। प्रथम डोज के बाद प्राथमिक एवं दूसरे डोज के बाद पूर्ण सर्टिफिकेट दिए जाने की व्यवस्था की गई है।
घबराने की जरूरत नहीं
उप मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार पूर्ण रूप से तैयार एवं तत्पर है। प्रथम चरण में स्वास्थ्य एवं सफाई से जुड़े पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मियों के लिए कोविड-19 टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।
राज्य के निर्धारित केंद्रों पर सभी 38 जिलों में चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। चरणवार सभी का मुफ्त टीकाकरण किया जाएगा।