बाढ़ में हत्यारोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम
बाढ़ में हत्यारोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा।
पटना(बाढ़)। बदमाशों ने स्थानीय थाने के जमुनीचक गांव में सोमवार की देर रात घर में घुसकर एक युवक की हत्या कर दी। युवक की हत्या से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को भुवनेश्वरी चौक के पास हाई-वे को जाम कर दिया। जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इस दौरान लोगों ने हाई-वे पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया, वहीं प्रशासन के विरोध में नारेबाजी भी की गई। हाई-वे घंटों जाम रहने से लोग परेशान रहे और शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सूचना मिलते ही बाढ़ थानाध्यक्ष संजीत कुमार भारी पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंच गए। हालांकि पुलिस को भी लोगों के आक्रोश को झेलना पड़ा। बाद में एसडीओ सुमित कुमार भी जामस्थल पर पहुंचे। उन्होंने जाम में शामिल लोगों को हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी किए जाने का आश्वासन देकर शात कराया। इस दौरान राजद नेता मिथलेश कुमार सहित कई राजनीतिक दलों के नेता भी जामस्थल पर पहुंच गए। प्रशासन व नेताओं के सहयोग से जाम को समाप्त कराया गया। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि मृतक की सौतेली मां गीता देवी के बयान पर पाच ज्ञात और तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि नामजद आरोपितों में शुलो यादव उर्फ जितेंद्र यादव, एक मुखिया सहित अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपितों के कई परिजनों को हिरासत में ले लिया है। घटना से क्षेत्र में भारी तनाव है। पुलिस क्षेत्र में गश्ती व छापेमारी अभियान चला रही है।
- - - - - - - - -