वैशाली के बिदुपुर में कमरे में सोए युवक की मौत, गले पर जख्म के निशान, संपत्ति के लिए हत्या की आशंका
बिदुपुर थाने के गोबिंदपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई। कमरे में युवक का शव पड़ा था। उसकी गर्दन पर जख्म के निशान मिले हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी मिलने पर पुलिस भी पहुंची।
बिदुपुर (वैशाली), संवाद सूत्र। बिदुपुर थाने के गोबिंदपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई। कमरे में युवक का शव पड़ा था। उसकी गर्दन पर जख्म के निशान मिले हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी मिलने पर पुलिस भी पहुंची। ग्रामीणों के कहने पर खोजी कुत्ता भी मंगवाया गया। लेकिन पुलिस को तत्काल कोई सफलता नहीं मिल सकी है। मृतक आत्मानंद सिंह का 22 वर्षीय पुत्र आशुतोष कुमार था। आशंका जताई जा रही है कि संपत्ति हड़पने की नीयत से आशुतोष की हत्या की गई है।
टीवी देखने के बाद गया था सोने
स्वजनाें के मुताबिक रविवार रात आशुतोष ने खाने के बाद माता-पिता के साथ टीवी देखी और फिर सोने के लिए अपने कमरे में चला गया। सुबह में देर तक जब वह नहीं जगा तो पिता कमरे में गए। बेटे का शव देखते ही वे बदहवास हो गए। उनके चीखने की आवाज पर आशुतोष की मां पहुंची। बेटे का शव देखते ही दोनों बेहोश हो गए। खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। अपर थानाध्यक्ष परशुराम सिंह, एसआइ नीरज कुमार यादव, जयप्रकाश आदि पहुंचे।
पलंग के नीचे से मिली कीटनाशक दवा और फंसुली
बाद में सदर एसडीपीओ राघव दयाल मौके पर पहुंचे। पलंग के नीचे से कीटनाशक के दो डब्बे और एक फंसुली मिली। उसपर खून के निशान थे। साथ ही गर्दन पर भी जख्म के निशान पाए गए। पुलिस भी प्रथम दृष्टया इसे हत्या मान रही है। हालांकि पुलिस अभी अधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बोल रही। डाग स्क्वायड को मंंगवाया गया। काफी देर तक पुलिस मामले की जांच-पड़ताल करती रही। पुलिस का कहना है कि माता-पिता के होश में आने पर बयान लिया जाएगा। आत्मानंद साइकिल की दुकान चलाते हैं। आशुतोष उनका इकलौता पुत्र था। आशंका है कि संपत्ति को लेकर उसकी हत्या की गई है। फिलहाल घटना से कोहराम मचा हुआ है।