चंद्रगुप्त प्रबंध संस्थान के पीछे नाले में मिला छात्र का शव
मीठापुर बस स्टैंड के समीप चंद्रगुप्त प्रबंध संस्थान पटना (सीआइएमपी) के पीछे नाले से शनिवार को युवक का शव मिला।
पटना। मीठापुर बस स्टैंड के समीप चंद्रगुप्त प्रबंध संस्थान पटना (सीआइएमपी) के पीछे नाले से शनिवार की शाम जक्कनपुर थाने की पुलिस ने युवक का शव बरामद किया। उसकी पहचान मनेर के हाथीकन गांव निवासी समीर सागर (22) के रूप में हुई है। उसके परिजन दो दिन से थाने का चक्कर लगा रहे थे, लेकिन पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने जब नाले से बदबू आने की शिकायत की, तब पुलिस को पता चला कि अंदर लाश है। यह इलाका सुनसान है और वहां रात में रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं है। इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव पर जख्म के निशान पाए गए हैं। प्रथमदृष्टया लगता है कि गला दबाकर हत्या की गई है। परिजनों के बयान पर प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं। उसके आधार पर छानबीन जारी है।
: दोस्त के साथ निकला था मेला घूमने :
तफ्तीश से मालूम हुआ कि समीर सुपौल के एक कॉलेज से पॉलीटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। वह छुट्टियों में घर आया था। 17 अक्टूबर को वह विक्रम निवासी दोस्त मंटू उर्फ भूतनाथ के साथ दुर्गा पूजा का मेला देखने के लिए घर से निकला था। लेकिन, लौटकर नहीं आया। घरवालों ने खोजबीन शुरू की। पूछताछ करते हुए उसके दोस्त के घर पहुंचे, तब पता चला कि वह गर्लफ्रेंड को मुजफ्फरपुर जाने के लिए बस पर बैठाने गया था। बस साढ़े तीन बजे थी, इसलिए समीर, उसकी गर्लफ्रेंड और मंटू वहीं बस का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद समीर गर्लफ्रेंड को लेकर चंद्रगुप्त प्रबंध संस्थान के पीछे सुनसान इलाके में चला गया। उसका दोस्त काफी देर तक इंतजार करता रहा, फिर उस रास्ते पर ढूंढते हुए गया। जब उसका कोई अता-पता नहीं चला, तब वह अकेला घर लौट गया। इसके बाद परिजन गुमशुदगी की शिकायत लेकर जक्कनपुर थाने पर गए थे। उनलोगों ने पुलिस को समीर के दो मोबाइल नंबर दिए। परंतु दोनों नंबर स्वीचऑफ बता रहा था। इसके बाद पुलिस उसकी टोह लेने में जुट गई। इसी बीच लोगों द्वारा नाले में लाश मिलने की बात कही गई। जिसकी शिनाख्त समीर के रुप में की गई।
मुजफ्फरपुर की रहने वाली है लड़की :
मंटू उर्फ भूतनाथ को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसने बताया कि समीर की प्रेमिका मुजफ्फरपुर के अघौरिया बाजार की रहने वाली है। पुलिस को उसने एक मोबाइल नंबर भी दिया, जो स्विचऑफ बता रहा है। अंदेशा है कि लड़की के परिजनों ने दोनों को साथ देख लिया होगा। उनके बीच कहासुनी हुई होगी। इसके बाद उनलोगों ने समीर की हत्या कर दी और खुला नाला देखकर शव को ठिकाने लगा दिया।
: इस बिंदु पर भी पुलिस कर रही छानबीन :
पुलिस एक और संभावना पर तफ्तीश कर रही है। ऐसा भी हो सकता है कि समीर प्रेमिका के साथ सुनसान इलाके में गया होगा। कुछ स्थानीय लफंगों ने दोनों को देख लिया होगा और लड़की के साथ गलत करने लगे होंगे। विरोध करने पर समीर की हत्या कर शव नाले में डाल दिया और लड़की के साथ भी गलत किया होगा। लोक-लाज और परिजनों के डर से लड़की ने शिकायत दर्ज नहीं कराई और बस में बैठकर लौट गई। लड़की के सामने आने के बाद ही सच्चाई का पता चल पाएगा।