राजीवनगर में पूर्व डीएसपी की बहू ने आग लगा की आत्महत्या, आलमगंज में पंखे से झूली विवाहिता
राजीवनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 17 में रहने वाले पूर्व डीएसपी केएम लाल की 28 वर्षीय बहू प्रज्ञा ने आत्महत्या कर ली।
पटना। राजीवनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 17 में रहने वाले पूर्व डीएसपी केएम लाल की 28 वर्षीय बहू प्रज्ञा ने गुरुवार की देर रात खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष निशांत कुमार ने बताया कि घरवालों के मुताबिक बहू कुछ महीनों से डिप्रेशन की शिकार थीं। छानबीन की जा रही है। पूर्व डीएसपी के बेटे सुमित रांची स्थित बाइक बनाने वाली एक कंपनी में काम करते हैं। उनकी शादी मधुबनी निवासी प्रज्ञा से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। प्रज्ञा के भाई की भी तीन महीने पहले मुंबई में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। किसी ने इस मौत को सुसाइड बताया तो कोई अपहरण कर हत्या की बात कह रहा था। बहरहाल, भाई की मौत के बाद प्रज्ञा की तबीयत बिगड़ती चली गई। उसे डर था कि कोई उसे भी मार देगा। दो दिन पहले सुमित ड्यूटी पर चले गए, तब से प्रज्ञा दोनों बच्चों के संग सास के साथ सोती थीं। गुरुवार की रात सास की नींद खुली तो उन्होंने प्रज्ञा को कमरे में नहीं पाया। उन्हें ढूंढ़ते हुए वे छत पर बने कमरे में चली गई तो अंदर से दरवाजा बंद मिला। कमरे से धुंआ निकल रहा था। इस पर सास ने शोर मचाया तो परिवार के दूसरे सदस्य पहुंचे। दरवाजा तोड़ा गया तो प्रज्ञा पूरी तरह जली मिलीं। ससुराल वाले प्रज्ञा को लेकर अस्पताल गए, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
आलमगंज में विवाहिता ने की खुदकशी
जागरण संवाददाता, पटना सिटी : आलमगंज थाना अंतर्गत आदिवासी कॉलोनी स्थित एक मकान में विवाहिता ने पंखे से लटक कर खुदकशी कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस बंद कमरे का दरवाजा तोड़ कर अंदर दाखिल हुई। विवाहिता के पति रोहित कुमार को पूछताछ के लिए थाना लेकर आई। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। नालंदा के पावापुरी निवासी विवाहिता के पिता कारजानंद ने पुत्री की मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। इस कारण रोहित को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। विवाहिता के पति रोहित ने बताया कि वह कुम्हरार स्थित एक नॄसग होम में सुरक्षा गार्ड है। आदिवासी कॉलोनी स्थित राम नारायण सिंह व अमित कुमार के मकान में किराया पर रहता है। 26 वर्षीया अर्चना से उसकी शादी आठ साल पहले हुई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि विवाहिता के पिता ने अर्चना को मानसिक रूप से बीमार होने की बात कही है।