विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दानापुर-पाटलिपुत्र स्टेशन की पार्किंग में बड़ा खेल? कुछ मिनट रुकने पर भी वसूले जा रहे 60 से 220 रुपये

Published: Fri, 02 Oct 2026 10:36 PM (IST)

दानापुर और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशनों पर पार्किंग शुल्क में मनमानी वसूली की जा रही है, जहाँ कुछ मिनट के लिए भी अधिकतम 12 घंटे का शुल्क लिया जा रहा है।

दानापुर जंक्‍शन पर फटा रेट चार्ट का बैनर। जागरण

दानापुर जंक्‍शन पर फटा रेट चार्ट का बैनर। जागरण

HighLights

  1. कुछ मिनट रुकने पर भी 12 घंटे का शुल्क।

  2. पार्किंग शुल्क दर बोर्ड फटा, जानकारी अस्पष्ट।

  3. पर्ची पर अंकित दर से अधिक राशि की वसूली।

जागरण संवाददाता, पटना। दानापुर और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।

पार्किंग परिसर में वाहन कितनी देर खड़ा रहा, इससे शुल्क पर कोई फर्क नहीं पड़ता। आरोप है कि कुछ मिनट के लिए वाहन पार्क करने पर भी 12 घंटे से अधिक की निर्धारित अधिकतम दर वसूल ली जा रही है।

सबसे अधिक परेशानी स्टेशन पर यात्रियों को छोड़ने या लेने पहुंचने वाले तीन पहिया और चारपहिया वाहन चालकों को हो रही है। पार्किंग शुल्क की दर बताने वाला बोर्ड भी कई जगह फटा या खराब हालत में है।

पर्ची कुछ, शुल्‍क कुछ और 

ऐसे में वाहन चालकों को स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती कि कितनी अवधि के लिए कितना शुल्क निर्धारित है। दूसरी ओर, पार्किंग की पर्ची पर शुल्क की दर अंकित होने के बावजूद वाहन चालकों का कहना है कि मौके पर वसूली निर्धारित अवधि के हिसाब से नहीं, बल्कि मनमाने तरीके से की जा रही है।

दानापुर स्टेशन पर पहले दो घंटे तक तीन पहिये वाहन का पार्किंग चार्ज 30 रुपये निर्धारित है। वहीं दो से छह घंटे का 40, छह से 12 घंटे का 50 व 12 से 24 घंटे का 60 रुपये।

कुछ म‍िनट के ल‍िए पहुंचने पर भी ज्‍यादा शुल्‍क 

लेकिन तीन पहिये वाहन से सीधे 60 रुपये का टिकट थमा वसूली की जाती है। कुछ मिनट के लिए पहुंचने पर भी अधिकतम शुल्क वाहन चालकों के अनुसार, स्टेशन पर किसी यात्री को छोड़ने या लेने के लिए पांच-दस मिनट रुकने पर भी पार्किंग शुल्क के नाम पर अधिकतम दर मांगी जाती है।

चालक जब कम अवधि के हिसाब से शुल्क देने की बात करते हैं तो पार्किंग कर्मियों से बहस की स्थिति बन जाती है। उनका कहना है कि कम समय के लिए वाहन लगाने वालों से भी निर्धारित अधिकतम शुल्क लिया जा रहा है।

टिकट पर दर, वसूली में मनमानी पार्किंग में मिलने वाली पर्ची पर शुल्क दर्ज रहता है, लेकिन वाहन चालकों का आरोप है कि पर्ची पर अंकित दर और मौके पर मांगी जा रही राशि में अंतर की स्थिति बनती है।

कई चालक इस वजह से विवाद से बचने के लिए मांगी गई राशि का भुगतान कर देते हैं। नियमित रूप से स्टेशन आने वाले वाहन चालकों का कहना है कि पार्किंग की दर और शुल्क वसूली की प्रक्रिया सार्वजनिक और स्पष्ट होनी चाहिए।

रेट लिस्ट का बोर्ड भी नहीं दे रहा जानकारी

पार्किंग परिसर में शुल्क संबंधी रेट लिस्ट का बोर्ड यात्रियों के लिए उपयोगी स्थिति में नहीं है। बोर्ड के फटे होने से दरें स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देतीं। ऐसे में पार्किंग कर्मी जितना शुल्क मांगते हैं, वाहन चालक उतना भुगतान करने को मजबूर होते हैं।

यात्रियों का कहना है कि रेलवे को पार्किंग की निर्धारित दर, समयावधि और अतिरिक्त शुल्क की शर्तें बड़े और स्पष्ट बोर्ड पर प्रदर्शित करनी चाहिए।

दानापुर में पार्किंग में सजती है दुकानें

दानापुर स्टेशन पर पार्किंग में अवैध रूप से दुकानें सजती है। ठेले पर खाने-पीने के सामना से लेकर नशे के सामान भी बेचे जाते हैं। अतिक्रमण हटाने की जिम्मेवारी आरपीएफ व जीआरपी की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की मदद से ही रेलवे परिसर में अवैध रूप से दुकानें सज रहीं हैं।

यात्री को ट्रेन पकड़ाने या लेने के लिए कुछ मिनट के लिए आते हैं। इसके बावजूद लंबी अवधि का शुल्क मांगा जाता है। इतनी देर वाहन खड़ा ही नहीं रहता।

रूपेश कुमार, वाहन चालक

पार्किंग की दर का बोर्ड फटा हुआ है। टिकट पर कुछ शुल्क लिखा रहता है, लेकिन मौके पर अलग राशि मांगी जाती है। शिकायत करने पर भी स्पष्ट जवाब नहीं मिलता।

संजय वर्मा, चालक

अगर पार्किंग शुल्क समय के हिसाब से निर्धारित है तो उसी आधार पर वसूली होनी चाहिए। कुछ मिनट और कई घंटे के वाहन से एक जैसा शुल्क लेना यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ है। यहां वाहन लाते ही 60 रुपये लिया जाता है।

रविशंकर, यात्री

स्टेशन पर वाहन लेकर आने वाले लोगों को पहले से यह पता होना चाहिए कि कितनी देर के लिए कितना शुल्क देना है। रेलवे को रेट लिस्ट स्पष्ट कराने के साथ वसूली की निगरानी भी करनी चाहिए।

सहोदय पासवान, यात्री

रेलवे की जवाबदेही पर सवाल

दानापुर और पाटलिपुत्र जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर पार्किंग शुल्क की वसूली में पारदर्शिता जरूरी है। निर्धारित दरों का स्पष्ट प्रदर्शन, समय के अनुसार शुल्क वसूली और पर्ची पर सही राशि अंकित करना पार्किंग व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है।

यदि कम अवधि के लिए आए वाहन से भी अधिकतम शुल्क लिया जा रहा है तो रेलवे को इसकी जांच कराकर जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।

दानापुर स्टेशन पार्किंग शुल्क

चारपहिया:

  • 2 घंटे तक : 30 रुपये
  • 2 से 6 घंटे : 55 रुपये
  • 6–12 घंटे: 110 रुपये
  • 12 से 24 घंटे : 220 रुपये

तीन पहिया:

  • 2 घंटे: 30 रुपये
  • 2 से 6 घंटे : 40 रुपये
  • 6–12 घंटे: 50 रुपये
  • 12-24 घंटे: 60 रुपये

पाटलिपुत्र स्टेशन पार्किंग शुल्क

दोपहिया:

  • 2 घंटे: 10 रुपये
  • 2–6 घंटे: 15 रुपये
  • 6-12 घंटे : 20 रुपये
  • 12–24 घंटे: 25 रुपये

तीन पहिया:

  • 2 घंटे: 25 रुपये
  • 2 से 6 घंटे : 50 रुपये
  • 6–12 घंटे: 75 रुपये
  • 12-24 घंटे: 100 रुपये

चारपहिया:

  • 2 घंटे: 35 रुपये
  • 2-6 घंटे : 55 रुपये
  • 6–12 घंटे: 110 रुपये
  • 24 घंटे: 220 रुपये