विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या आप भी खा रहे हैं 'खतरनाक' हल्दी? पटना दानापुर बाजार की जांच में 70% नमूनों में मिला मानक से ज्यादा सीसा

Published: Wed, 16 Sep 2026 10:32 PM (IST)

दानापुर बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्दी की गुणवत्ता की जांच की, जिसमें 70% नमूनों में लेड क्रोमेट की ...और पढ़ें

कई नमूनों में सीमा से कई गुना ज्यादा सीसा

कई नमूनों में सीमा से कई गुना ज्यादा सीसा

HighLights

  1. दानापुर बाजार में हल्दी की गुणवत्ता की जांच की गई।

  2. 70% नमूनों में लेड क्रोमेट की मात्रा अधिक पाई गई।

  3. विक्रेताओं को सुरक्षित स्रोत से हल्दी खरीदने की सलाह दी गई।

जागरण संवाददाता, पटना। दानापुर बाजार में हल्दी की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पोर्टेबल एक्स-रे फ्लोरेसेंस (पीएक्सआरएफ) मशीन से मौके पर हल्दी के नमूनों की जांच की गई। जांच के दौरान 70 प्रतिशत हल्दी की गांठों में लेड क्रोमेट की मात्रा अपेक्षाकृत अधिक मिली।

वहीं, 30 प्रतिशत नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। अधिकारियों ने अधिक सीसा मिलने को गंभीरता से लेते हुए विक्रेताओं को सतर्क किया। दुकानदारों से सुरक्षित और प्रमाणित स्रोत से ही हल्दी खरीदने-बेचने की अपील की गई।

मसाले की जांच में सामने आई चौंकाने वाली तस्वीर

स्वास्थ्य विभाग के खाद्य संरक्षा प्रकोष्ठ के सहयोग से अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानदारों को हल्दी में लेड क्रोमेट की मिलावट के संभावित नुकसान बताए।

अधिकारियों के अनुसार, एफएसएसएआइ मानकों के तहत हल्दी में लेड की अधिकतम स्वीकार्य सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति ग्राम है।
इस सीमा से अधिक सीसा स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।

जांच में कुछ नमूनों में निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक मात्रा मिलने की जानकारी दी गई। विभाग ने विक्रेताओं को गुणवत्ता और खाद्य पदार्थों के स्रोत पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कई नमूनों में सीमा से कई गुना ज्यादा सीसा

अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों के जरिए शरीर में लंबे समय तक सीसा पहुंचना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
इसी वजह से बाजार में मसालों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत बताई गई।

अभियान में खाद्य संरक्षा विभाग के अभिहित पदाधिकारी सुदामा चौधरी और खाद्य संरक्षा पदाधिकारी डा. सुदिन कुमार सुमन समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

टीम ने मौके पर दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। साथ ही मानक अनुरूप उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित करने की अपील की गई। विभाग ने आगे भी इस तरह के जांच और जागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही।

मानक टूटा तो होगी कानूनी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने की चेतावनी दी गई।

अभियान का उद्देश्य जांच के साथ-साथ दुकानदारों और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना भी रहा।

विभाग के अनुसार, गुणवत्ता वाले स्रोत से खाद्य सामग्री खरीदना मिलावट रोकने में महत्वपूर्ण है। दानापुर बाजार में हुई जांच के बाद अब हल्दी की गुणवत्ता को लेकर निगरानी और जागरूकता पर जोर दिया गया है।दुकानदारों ने भी मानक अनुरूप हल्दी की बिक्री में सहयोग का भरोसा दिया।