दानापुर 57 व मनेर में 55 फीसद मतदान
पटना। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में रविवार को दानापुर और मनेर प्रखंड में शांतिपूण्
पटना। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में रविवार को दानापुर और मनेर प्रखंड में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। दानापुर में 57 फीसद और मनेर में 55 प्रतिशत वोट डाले गए। प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर और जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने मतदान केन्द्रों का सतत निगरानी करते रहे। आदर्श नारी शक्ति बूथ पर महिला वोटर बच्चे को पालना में छोड़कर मतदान में हिस्सा ली।
जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि मतपेटी को मनेर उच्च विद्यालय वज्रगृह और दानापुर बीएस कॉलेज वज्रगृह में सुरक्षित जमा किया गया है। वज्रगृह को सील कर सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया गया है। डीएम ने सुबह दानापुर के नरगदा मध्य विद्यालय आदर्श नारी शक्ति बूथ का अवलोकन किया। यहां बूथ को नारी शक्ति के प्रतीक पिंक कलर से सजाया गया था। नारीशक्ति बूथ पर गोद के बच्चों के लिए पालना का प्रबंध, पानी और आराम के लिए कुर्सियां लगाई गई थी। मनेर के माधोपुर नारी शक्ति बूथ के अलावा डीएम ने वज्रगृह का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि दोनों प्रखंड के 493 बूथों में मात्र दो बूथों पर गड़बड़ी की पुष्टि हुई जिसे तत्काल ठीक करा दिया गया। किसी भी बूथ पर अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
उड़ गया बूथ का तंबू
दोपहर करीब 1 बजे दानापुर के लखनीबिघा बूथ नंबर 152 का तंबू उड़ गया। यहां सरकारी भवन के अभाव में खुले जगह पर टेंट में बूथ निर्माण कराया गया था। तेज पछुआ हवा में टेंट उखने के बाद पास के निजी भवन में मतदान कराया गया। सूचना मिलने पर सेक्टर दंडाधिकारी मौके का निरीक्षण कर खैरियत ली।
नियंत्रण कक्ष में शिकायत
जिला नियंत्रण कक्ष, अनुमंडल नियंत्रण कक्ष और सुपर जोनल दंडाधिकारी के नंबर पर शिकायती कॉल आते रहे। बूथ नंबर 6 सादिकपुर पर मतदान में पहले तो व्यवधान फिर तेजी से वोट नहीं पड़ने की शिकायत प्राय: सभी अधिकारियों के पास पहुंची। दोपहर करीब 1 बजे तक दियारा के गंगहारा बूथ पर 50 प्रतिशत वोट की शिकायत की गई। लखनीबिघा बूथ नंबर 152 को निजी मकान में स्थानांतरित किए जाने को लेकर शिकायत दर्ज की गई।