Smart City: अभियान को लेकर दैनिक जागरण का जागरूकता गीत लांच
पटना के प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने शुक्रवार को दैनिक जागरण के जागरूकता गीत की लांचिंग की। इस मौके पर उन्होंने सामाजिक सरोकारों को लेकर जागरण के अभियान की प्रशंसा की।
पटना [ जागरण टीम ]। पटना : जन सरोकार से जुड़े मुद्दे मामले में 'दैनिक जागरण' का जवाब नहीं। इस अखबार ने फिर नई मिसाल कायम की है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के बाद पटना को स्मार्ट सिटी बनाने की मुहिम में लगे दैनिक जागरण ने पाठकों को काफी हद तक जागरूक कर दिया है। इन मुहिमों की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम होगी। यह बात प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने शुक्रवार को कही। मौका था दैनिक जागरण कार्यालय में स्मार्ट सिटी के लिए जागरूकता गीत की लांचिंग का।
जागरूकता गीत में पटना के लोगों को स्मार्ट सिटी बनाने में मदद का आह्वान किया गया है। साथ ही उन्हें साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने की नसीहत दी गई है। कार्यक्रम का आयोजन पटना स्थित दैनिक जागरण के कार्यालय में हुआ। मुख्य महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी और एसोसिएट एडिटर सदगुरु शरण अवस्थी ने आयुक्त का स्वागत किया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने बटन दबाकर स्मार्ट सिटी गीत की लांचिंग की। जागरण के जिंगल को धुन पटना म्यूजिकल सर्जिकल ने दी है। दूसरा गीत पटना के जाने-माने वायलिन वादक राजेश जायसवाल ने गाया है। इसे बनाने में जागरण बागवान क्लब का योगदान रहा है।
आयुक्त ने कहा कि दैनिक जागरण का गीत कर्णप्रिय और लोगों को प्रभावित करने वाला साबित होगा। राजधानी स्मार्ट सिटी में शामिल होती है, तो इसमें दैनिक जागरण के जन जागरण अभियान का बड़ा योगदान माना जाएगा। मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त ने जागरण बागबान क्लब और संगिनी क्लब की गतिविधियों की भी जानकारी ली।