बिहार में इस 'तितली' ने बदल दिया मौसम, आंधी-पानी की आशंका
तितली तूफान से एक ओर जहां आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तेज तूफानी हवाएं चल रही हैं वहीं बिहार में इसका असर दिख रहा है। बुधवार से ही बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है।
पटना [जेएनएन]। बंगाल की खाड़ी में दबाव के कारण आए 'तितली' तूफान ने बिहार में भी मौसम का मिजाज बदल दिया है। बुधवार को आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तूफान के कारण बारिश हुई। गुरुवार की सुबह तक तूफान के बिहार-झारखंड की ओर बढऩे की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में गुरुवार की सुबह राजधानी समेत सूबे में भी आंधी-बारिश की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान 'तितली' के 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुरुवार सुबह तक ओडिशा के गोपालपुर और आंध्र प्रदेश के कलिंगापत्तनम के बीच पहुंचने की संभावना है। यहां से उत्तर पूर्व होते ही रफ्तार 150 किमी प्रति घंटा तक हो जाएगी। इसका असर बंगाल, झारखंड व बिहार में भी नजर आएगा।
तूफान का असर बुधवार की शाम से दिखने लगा। पटना के अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 19 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गया सबसे ठंडा रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 12 घंटे अहम है। इसके बाद धीरे-धीरे तूफान कमजोर हो जाएगा। गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हो सकती है। तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।