विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2.33 लाख में से चमकी 83 की किस्मत, बिहार पुलिस विशेष शाखा सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:46 PM (GMT+05:30)

केंद्रीय चयन पर्षद ने बिहार पुलिस की विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के 83 पदों पर सीधी भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है।

2.33 लाख में से चमकी 83 की किस्मत, बिहार पुलिस विशेष शाखा सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी (AI Generated Image)

2.33 लाख में से चमकी 83 की किस्मत, बिहार पुलिस विशेष शाखा सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी (AI Generated Image)

HighLights

  1. केंद्रीय चयन पर्षद ने बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का अंतिम परिणाम जारी किया।

  2. विशेष शाखा में 83 सिपाही चयनित, 52 पुरुष और 31 महिलाएं शामिल।

  3. चयनित अभ्यर्थियों को 25 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक योगदान देना अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, पटना। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने बिहार पुलिस की विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के 83 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अंतिम परीक्षा परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया।

चयनित कुल 83 अभ्यर्थियों में 52 पुरुष और 31 बिहार मूल की महिलाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों में दो स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित भी अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं।

इसके लिए कुल दो लाख 33 हजार 479 अभ्यर्थियों ने आनलाइन पंजीकरण कराया था, जिनमें से 64 हजार 408 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।

यह लिखित परीक्षा 24 जून 2026 को एकल पाली में संपन्न हुई थी। लिखित परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर शारीरिक जांच एवं माप परीक्षा के लिए कुल 254 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था।

राजधानी में 12 सितंबर 2026 को आयोजित शारीरिक परीक्षा में 250 अभ्यर्थी भौतिक रूप से शामिल हुए, जिसमें 156 पुरुष और 94 महिला अभ्यर्थी शामिल थीं।

शारीरिक जांच और माप परीक्षा के परिणामों के आधार पर मेधा सूची तैयार की गई, जिसके अनुसार विज्ञापित 83 रिक्तियों के विरुद्ध पूर्णतः सटीक रूप से 83 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

आरक्षण कोटिवार विवरण के अनुसार गैर आरक्षित वर्ग के 34, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के आठ, पिछड़ा वर्ग के 10, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 15, अनुसूचित जाति के 13, अनुसूचित जनजाति के एक और पिछड़ी वर्गों की महिलाएं कोटि के दो अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

पर्षद ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी अपना विस्तृत परिणाम और सूची आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित नियुक्ति प्राधिकार के समक्ष आगामी 25 अक्टूबर 2026 से 20 नवंबर 2026 के बीच अनिवार्य रूप से अपना योगदान देना होगा।

योगदान के समय जरूरी दस्तावेजों का विवरण प्रकाशित सूचना में दर्ज है। इसके अलावा नियमानुसार सभी चयनित अभ्यर्थियों का पूर्व चरित्र सत्यापन और चिकित्सीय जांच संबंधित नियुक्ति प्राधिकारों के माध्यम से पूरी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बिहार चालक सिपाही अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर: फिर बदली परीक्षा की तारीख, अब इस दिन होगा ड्राइविंग टेस्ट

यह भी पढ़ें- CSBC Constable Admit Card 2026 OUT: बिहार कॉन्स्टेबल जीडी पीएसटी/डीवी परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी, ये रहा डाउनलोड करने का Direct Link