दुस्साहस: बिहार के भभुआ में घर में घुस कर महिला पर फेंका तेजाब, हालत गंभीर
बिहार में अपराधियों का खौफ कम नहीं हो रहा है। दुष्कर्म की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं वहीं लड़कियों पर तेजाब फेंकने की भी घटना सामने आने लगी हैं। ऐसा ही एक मामला भभुआ में हुआ है।
भभुआ, जेएनएन। बिहार में अपराधियों का खौफ कम नहीं हो रहा है। दुष्कर्म की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं, वहीं लड़कियों पर तेजाब फेंकने की भी घटना सामने आने लगी हैं। ऐसा ही एक मामला बिहार के भभुआ से सामने आया है। कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम घर में घुसकर किसी शोहदे ने महिला पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब फेंकने वाले की पहचान नहीं हो सकी है। उसने बुर्का पहनकर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद स्वजनों ने महिला को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला अपने घर में बैठी थी कि उसी बीच कोई युवक पहुंचा और उस पर तेजाब फेंककर भाग गया। उसके चिल्लाने पर जब तक घरवाले पहुंचते तब तक वह फरार हो चुका था।
स्वजनों ने बुरी तरह छटपटा रही महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। महिला की बाईं आंख में भी तेजाब के छींटे पड़ गए हैं। स्वजनों ने बताया कि उसके चेहरे पर नाक की बायीं तरफ भी तेजाब पड़ा है। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। अभी घटना का कारण नहीं स्पष्ट हो सका है। सूचना के बाद पुलिस ने स्वजनों से पूछताछ की है। बहरहाल इस घटना के बाबत गांव मेें तरह-तरह की चर्चा है। बता दें कि इसके पहले भागलपुर में एक लड़की पर तेजाब फेंका गया था, जिसमें वह बुरी तरह जल गई थी। बाद में दिल्ली में इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई थी।